कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी समेत 5 गुर्गे गिरफ्तार, पुलिस ने किये चौंकाने वाले खुलासे

झारखंड में अपराध जगत से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। रांची पुलिस ने खुलासा किया है कि प्रदेश में दो कुख्यात संगठित अपराध गिरोह — प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा के गैंग — अब मिलकर काम कर रहे हैं। पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाते हुए सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा समेत पांच कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
कैसे हुआ खुलासा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रिया सिन्हा और चार अन्य अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में इनामुल हक उर्फ बबलु खान, रवि आनंद उर्फ सिंघा, मोहम्मद शाहिद उर्फ अफरीदी खान और मोहम्मद सेराज उर्फ मदन शामिल हैं। इनके पास से तीन पिस्टल, सात मैगजीन, 13 जिंदा कारतूस, एक टाटा सफारी, एक आईफोन और पांच एंड्रॉइड मोबाइल जब्त किए गए हैं।
पाकिस्तान कनेक्शन से जुड़ी बड़ी जानकारी
पुलिस के अनुसार, रांची में इनामुल हक उर्फ बबलु खान अपने सहयोगियों के साथ मिलकर रंगदारी वसूली करता था। वसूली गई रकम सुजीत सिन्हा के लोगों के जरिये प्रिंस खान तक पहुंचाई जाती थी, जिसे बाद में यूएई के रास्ते पाकिस्तान भेजा जाता था। इस धन का इस्तेमाल पाकिस्तान में अवैध हथियारों की खरीद और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के लिए किया जाता था।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
बताया जा रहा है कि डोरंडा क्षेत्र के सत्यभामा अपार्टमेंट के बाहर हुई हालिया हवाई फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियार भी इसी गिरोह द्वारा मुहैया कराए गए थे।










