चैनपुर बाजार में मारपीट के दौरान पुलिस की छापेमारी, देशी कट्टा के साथ 2 युवक गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया जेल
चैनपुर थाना क्षेत्र के चैनपुर बाजार में मारपीट की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक देशी कट्टा, दो मोबाइल और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

चैनपुर (पलामू) : चैनपुर थाना क्षेत्र के चैनपुर बाजार में मारपीट की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक देशी कट्टा, दो मोबाइल और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
घटना का विवरण
सूचना मिली कि चैनपुर बाजार में कुछ लड़के आपस में मारपीट कर रहे हैं। सूचना के आलोक में पुअनि राम कुमार उपाध्याय सशस्त्र बल के साथ चैनपुर बाजार पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बताया कि मारपीट करने वाले लड़के पास के हथिया भी हैं। सूचना पर छापामारी दल का गठन कर गुप्त एवं त्वरित कार्रवाई करते हुए चैनपुर बाजार में उक्त लड़कों की खोजबीन की गई। खोजबीन के क्रम में पुलिस बल को देखकर मोटरसाइकिल से दो लड़के भागने लगे। छापामारी दल ने खदेड़कर दोनों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का नाम
गिरफ्तार अभियुक्तों का नाम विशाल कुमार सोनी (25 वर्ष) पिता लालमुनी सोनी और अभिषेक कुमार (28 वर्ष) के रूप में की गई है। भागने का कारण पूछने पर दोनों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। तलाशी के दौरान एक देशी कट्टा, दो मोबाइल और स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल जब्त किया गया है। तत्पश्चात बरामद सामानों के साथ दोनों को थाना लाया गया। इस घटना के संबंध में चैनपुर थाना में कांड सं0-233/2026, दिनांक-13.11.2026, धारा 25(1-B)(a)/26/35 Arms Act दर्ज कर गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को माननीय न्यायालय में उपस्थापन हेतु भेजा जा रहा है। अभिषेक कुमार पर पूर्व में भी चैनपुर थाना में कांड संख्या-08/2023 धारा-392 भादवि का मामला दर्ज है।
छापेमारी दल में शामिल पदाधिकारी
वहीं छापेमारी दल में रमन यादव, राम कुमार उपाध्याय, विजय बाखला, प्रताप प्रकाश, विनीत मिश्रा और प्रमोद कुमार शामिल थे। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि बरामद हथियार कहां से लाया गया था और इसका उपयोग किस मकसद से किया जाना था।
पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट













