पलामू में पुलिस का डबल एक्शन, गां*जा और देसी क*ट्टे के साथ चार आरोपी गिरफ्तार

पलामू जिले के पिपराटांड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने अपराध और नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में गांजा, एक अवैध देसी पिस्तौल, जिंदा कारतूस, नकदी और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। इस पूरे अभियान की जानकारी लेस्लीगंज के एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
पहली कार्रवाई 1 अगस्त 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस टीम ने टुनूदाग गांव के पास लाल रंग की पल्सर मोटरसाइकिल को रोककर उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन पर सवार दो व्यक्तियों के पास से 1.020 किलोग्राम गांजा और 17,600 रुपये नकद बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पिपराटांड़ थाना क्षेत्र के रहने वाले देवेन्द्र सिंह उर्फ डुनु सिंह (45) और चंदन सिंह (40) के रूप में हुई। इस मामले में पिपराटांड़ थाना कांड संख्या 41/2026 दर्ज कर एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

दूसरी कार्रवाई बेहरा बाजार में की गई, जहां पुलिस को एक संदिग्ध पल्सर मोटरसाइकिल के बारे में सूचना मिली थी। जांच के दौरान बाइक की डिक्की से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। मामले की जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने नौडीहा गांव निवासी गुड्डू साई और क्यूम साई को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ पिपराटांड़ थाना कांड संख्या 42/2026 दर्ज कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया और बाद में उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
दोनों मामलों में पुलिस ने बरामद गांजा, नकदी, अवैध हथियार, कारतूस और दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया है। एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियारों के कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
पलामू से विकाश कश्यप की रिपोर्ट













