सार्वजनिक दुर्गा पूजा मंडप का भव्य उद्घाटन, विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने काटा फीता
जिले के नाला प्रखंड मुख्यालय स्थित नेताजी स्टेडियम में आयोजित सार्वजनिक दुर्गा पूजा मंडप का उद्घाटन शुक्रवार को धूमधाम से किया गया।

जामताड़ा: जिले के नाला प्रखंड मुख्यालय स्थित नेताजी स्टेडियम में आयोजित सार्वजनिक दुर्गा पूजा मंडप का उद्घाटन शुक्रवार को धूमधाम से किया गया। झारखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं नाला विधायक रवींद्रनाथ महतो ने फीता काटकर और नारियल फोड़कर पंडाल का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने मां दुर्गा के दरबार में मत्था टेका और पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित भी किया।
अपने संबोधन में रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि नाला की यह दुर्गा पूजा केवल एक पूजा नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक एकता और आपसी भाईचारे का प्रतीक है।उन्होंने कहा कि पिछले 26 सालों से नाला जैसे छोटे से जगह में जिस भव्यता, श्रद्धा और अनुशासन के साथ दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है, वह पूरे जिले के लिए एक मिसाल है। मैं पूजा कमेटी के सभी सदस्यों को बधाई देता हूं, जिन्होंने इस परंपरा को आज तक जीवित रखा है। इस भव्यता को आगे भी इसी तरह बरकरार रखना है।
स्पीकर ने लोगों से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में पूजा का आनंद लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि मां का त्योहार हमें प्रेम और शांति का संदेश देता है।श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि यहां आकर्षक पंडाल होने के कारण भारी भीड़ उमड़ती है। इसलिए पुलिस प्रशासन को विशेष चौकसी बरतने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए और भीड़ नियंत्रण के लिए पूजा कमेटी के साथ समन्वय बनाकर काम किया जाए, ताकि किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर जनार्दन भंडारी, फतेहपुर प्रखंड अध्यक्ष अशोक महतो, मुखिया अजित मुर्मू, मुखिया प्रतिनिधि गुपीन सोरेन लायक, राजू दास, पूजा कमेटी के अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता, सचिव संजीव ठाकुर, विकास बनर्जी, उज्ज्वल मंडल, बापी पाल, दयामय लायक, प्रत्यूष मंडल, राजा भट्टाचार्य, निर्मल माजी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु उपस्थित थे।
जामताड़ा से संतोष की रिपोर्ट













