रफ्तार का कहर, कोयला परिवहन में लगे हाइवा की चपेट में आने से ग्रामीण की मौत, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
हजारीबाग जिले में कोयला परिवहन में लगे भारी वाहनों की तेज रफ्तार एक बार फिर ग्रामीण के लिए जानलेवा साबित हुई।

हजारीबाग जिले में कोयला परिवहन में लगे भारी वाहनों की तेज रफ्तार एक बार फिर ग्रामीण के लिए जानलेवा साबित हुई। बड़कागांव थाना क्षेत्र के डाड़ी कलां ओपी अंतर्गत चेपाकलां स्थित एनटीपीसी के त्रिवेणी सैनिक लिमिटेड की बिल्डिंग के समीप शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे कोयला ढोने वाले हाइवा की चपेट में आने से 52 वर्षीय जयपाली महतो की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने सड़क जाम कर कोयला परिवहन को रोक दिया। लोगों का आरोप है कि कोयला परिवहन में लगे भारी वाहन तेज रफ्तार से चलते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
हादसे का शिकार बने मृतक की पहचान मंडली डाड़ी निवासी प्यारी महतो के पुत्र जयपाली महतो के रूप में हुई है। बताया गया कि हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार, जयपाली महतो शुक्रवार सुबह अपने नए आवास से कुठाड़ी लेकर जंगल की ओर जा रहे थे। बताया गया कि उन्हें बकरी के लिए चारा लाना था। इसी दौरान चेपाकलां के पास तेज गति से आ रहे कोयला परिवहन में लगे हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जयपाली महतो की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हुआ या नहीं, इसकी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने कोयला परिवहन में लगे भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि कोयला परिवहन मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण स्थानीय लोगों की सुरक्षा लगातार खतरे में बनी हुई है।
हजारीबाग से सुनील कुमार ठाकुर की रिपोर्ट











