HEC के पुनरुद्धार पर बड़ा मंथन, संसदीय उप-समिति ने CM हेमंत सोरेन से मुलाक़ात

राजधानी स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में शुक्रवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (HEC) लिमिटेड के पुनरुद्धार के लिए गठित छह सदस्यीय केंद्रीय संसदीय उप-समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। बैठक में लंबे समय से संकट से जूझ रहे एचईसी की मौजूदा स्थिति और संस्थान को दोबारा मजबूती देने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल और मुख्यमंत्री के बीच बातचीत का केंद्र एचईसी को पुनर्जीवित करने के लिए आगे की रणनीति रही। बैठक में संस्थान की वर्तमान स्थिति, सामने आ रही चुनौतियों और भविष्य में उठाए जाने वाले संभावित कदमों पर विचार-विमर्श किया गया। एचईसी के पुनरुद्धार के लिए केंद्र और राज्य स्तर पर समन्वित प्रयासों की जरूरत पर भी चर्चा हुई।
उप-समिति के प्रतिनिधिमंडल में राज्यसभा सांसद और समिति के अध्यक्ष तिरुची शिवा, सांसद विजय हांसदा, राज्यसभा सांसद सुलता देव, सांसद कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी, सांसद हंमुखभाई सोमाभाई पटेल और सांसद चंदन चौहान शामिल रहे।
यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब संसदीय उप-समिति एचईसी की जमीनी स्थिति का अध्ययन कर रही है। समिति ने संस्थान का दौरा कर वहां की परिस्थितियों और चुनौतियों की जानकारी लेने के बाद गुरुवार को झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से भी मुलाकात की थी।
एचईसी को देश के प्रमुख भारी इंजीनियरिंग संस्थानों में गिना जाता है। ऐसे में इसके पुनरुद्धार को लेकर संसदीय समिति की सक्रियता को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में संस्थान को फिर से कार्यशील और मजबूत बनाने के लिए संभावित कार्ययोजना पर चर्चा को इसी दिशा में एक अहम कदम के तौर पर देखा जा रहा है।











