जर्जर सड़क बनी हादसों की वजह, टला बड़ा हादसा, ग्रामीणों में आक्रोश
झारखंड के हजारीबाग से बड़ी खबर है। यहां बरही थाना क्षेत्र के जीटी रोड करियातपुर नीचे बाजार स्थित बरसोती नदी पर बने पुल के पास बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पुल के पास सड़क बुरी तरह जर्जर हो गई है।

झारखंड के हजारीबाग से बड़ी खबर है। यहां बरही थाना क्षेत्र के जीटी रोड करियातपुर नीचे बाजार स्थित बरसोती नदी पर बने पुल के पास बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पुल के पास सड़क बुरी तरह जर्जर हो गई है। बीच सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिसके कारण चालक गाड़ियों के चक्के को गड्ढे में जाने से बचाने के प्रयास में हादसे का शिकार हो रहे हैं। लाख बार जानकारी देने के बावजूद भी एनएचएआई और प्रशासन बेखबर बना हुआ है। ऐसा प्रतीत होता है कि एनएचएआई एवं प्रशासनिक अधिकारी किसी बड़े हादसे होने का इंतजार कर रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को एक मालवाहक हाइवा संख्या डब्ल्यूबी 37 सी 5703 इसी गड्ढे का शिकार हो गया। गनीमत रही कि समय पर मौजूद ग्रामीणों ने चालक को सुरक्षित बचा लिया। बताया गया कि उक्त मालवाहक हाइवा बरही से कोलकाता की ओर जा रहा था कि इसी दौरान पुल के समीप बने गहरे गड्ढे में हाइवा का पहिया चला गया, जिसके कारण हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर को तोड़ते हुए सीधे पुल में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाइवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि चालक को मामूली चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला और इलाज के लिए बरही अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि करियातपुर नीचे बाजार पुल अब पूरी तरह से 'एक्सीडेंट जोन' में तब्दील हो चुका है। सड़क पर बने गहरे और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण तेज रफ्तार वाहन अक्सर अनियंत्रित हो जाते हैं। दिन में तो किसी तरह चालक गड्ढों से बचकर निकल जाते हैं, लेकिन रात के अंधेरे में यह स्थान और भी ज्यादा खतरनाक हो जाता है क्योंकि गड्ढे स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देते। बाइक सवार और छोटे वाहन चालकों के लिए तो यह सड़क जानलेवा बन गई है।
ग्रामीणों में इस लापरवाही को लेकर गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों ने बताया कि महज 10 दिन पूर्व भी इसी स्थान पर एक गंभीर सड़क हादसा हुआ था। उस हादसे में भी एक वाहन गड्ढे के कारण अनियंत्रित हो गया था। बार-बार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद एनएचएआई और संबंधित प्रशासन द्वारा सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार एनएचएआई के अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन को इसकी लिखित और मौखिक सूचना दी गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
यह जीटी रोड का काफी व्यस्ततम मार्ग है। यहां से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े मालवाहक वाहन, बसें और निजी वाहन गुजरते हैं। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण हमेशा जाम की स्थिति भी बनी रहती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बरसोती नदी पुल पर डिवाइडर टूट जाने से भी खतरा और बढ़ गया है। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने प्रशासन और एनएचएआई से अविलंब पुल के समीप सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी जनहानि को रोका जा सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
हजारीबाग से सुनील कुमार ठाकुर की रिपोर्ट











