डबल मर्डर से दहला चंद्रपुरा, दरवाजा खटखटा कर मार दी पति-पत्नी को गोली
झारखंड के बोकारो जिले से सनसनीखेज खबर है। यहां बेलगाम अपराधियों ने डबल मर्डर की घटना को अंजाम दिया है। घटना में पति पत्नी के मौत होने की खबर है, जबकि बेटा घायल बताया जा रहा है।

झारखंड के बोकारो जिले से सनसनीखेज खबर है। यहां बेलगाम अपराधियों ने डबल मर्डर की घटना को अंजाम दिया है। घटना में पति पत्नी के मौत होने की खबर है, जबकि बेटा घायल बताया जा रहा है। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में एडमिट किया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बतायी जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है। घटना बीते देर शाम की बतायी जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार बोकारो जिले के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र से गुरुवार की शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पश्चिम पल्ली स्थित डीवीसी के आवासीय क्वार्टर नंबर एचएम/14 में रहने वाले रिटायर्ड डीवीसी कर्मी नरेश सिन्हा और उनकी पत्नी की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं उनका पुत्र रोहित सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए बोकारो भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार की शाम करीब सात बजे पूरे इलाके में जोरदार बारिश हो रही थी। इसी दौरान नरेश सिन्हा के घर का दरवाजा किसी ने खटखटाया। दरवाजा खोलते ही अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में नरेश सिन्हा और उनकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र रोहित सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही चंद्रपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात को कितने अपराधियों ने अंजाम दिया, कितनी गोलियां चलीं और हत्या के पीछे क्या वजह थी।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट











