भजन गाकर अर्जुन मुंडा के मासूम पोते ने जीता सबका दिल, मंत्रमुग्ध होकर तालियां बजाते रहे लोग
जमशेदपुर: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के मासूम पोते मीरान्स सोलंकी ने अपनी सुरीली आवाज में भजन गाकर वहां मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और लोगों का दिल जीत लिया।

जमशेदपुर: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के मासूम पोते मीरान्स सोलंकी ने अपनी सुरीली आवाज में भजन गाकर वहां मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और लोगों का दिल जीत लिया। उनके द्वारा गाए गए भावपूर्ण भजन ‘तू ना संभाले तो हमें कौन संभाले’ को सुनकर वहां मौजूद हर कोई मंत्रमुग्ध हो गया। भजन की प्रस्तुति के दौरान लोगों ने तालियां बजाकर बच्चे का उत्साह बढ़ाया।
यह भावुक कर देने वाला नजारा उस समय देखने को मिला, जब अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा के निधन की खबर सुनकर उनसे मिलने के लिए लोग घोड़ाबांधा स्थित उनके आवास पहुंच रहे थे। इसी दौरान अर्जुन मुंडा के पोते मीरान्स सोलंकी ने अपनी मासूम आवाज में भजन प्रस्तुत किया। बच्चे की इस खूबसूरत प्रस्तुति ने शोक के माहौल के बीच वहां मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के साथ पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब समेत कई प्रशासनिक पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद थे। सभी ने बच्चे के भजन को ध्यानपूर्वक सुना और उसकी सराहना की।
अब मीरान्स सोलंकी के भजन गाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग उसकी सुरीली आवाज, आत्मविश्वास और भक्ति भाव की जमकर तारीफ कर रहे हैं। छोटी उम्र में भजन की इतनी सुंदर प्रस्तुति ने लोगों को भावुक कर दिया है।
जमशेदपुर से लाला जबीन की रिपोर्ट















