झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 : 108 केंद्रों पर 1 नवंबर को दो पालियों में होगी परीक्षा
धनबाद : झारखंड अधिविद्य परिषद, रांची के तत्वावधान में आयोजित होने वाली 'झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026' का आयोजन 01 नवंबर 2026 (रविवार) को जिले के 108 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा।

धनबाद : झारखंड अधिविद्य परिषद, रांची के तत्वावधान में आयोजित होने वाली 'झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026' का आयोजन 01 नवंबर 2026 (रविवार) को जिले के 108 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा को पूर्णतः स्वच्छ, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार एवं अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) अरविंद कुमार ओझा ने संयुक्त आदेश जारी कर सभी आवश्यक प्रशासनिक व सुरक्षात्मक प्रबंध सुनिश्चित किए हैं।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रत्येक पाली की अवधि 2 घंटे 30 मिनट रहेगी। प्रथम पाली पूर्वाह्न 09:30 बजे से अपराह्न 12:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। जिसमें लगभग 38 हजार से अधिक परीक्षार्थी के शामिल होने की संभावना है। जबकि अपराह्न 02:00 बजे से अपराह्न 04:30 बजे तक द्वितीय पाली में लगभग दस हजार से अधिक परीक्षार्थी के शामिल होने की संभावना है।
परीक्षा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनुमंडल दण्डाधिकारी लोकेश बारंगे ने सभी 108 परीक्षा केंद्रों के चारों ओर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के अंतर्गत निषेधाज्ञा लागू की है।
वहीं गोपनीय सामग्री की सुरक्षा और परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था संधारण के लिए स्टैटिक मजिस्ट्रेट, पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी, लाठी बल तथा महिला पुलिस बलों की पर्याप्त संख्या में प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों के औचक निरीक्षण के लिए वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में उड़नदस्ता दलों का गठन किया गया है, जिनके साथ वीडियोग्राफर भी तैनात रहेंगे।
परीक्षा की पल-पल की निगरानी के लिए समाहरणालय में जिला परीक्षा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नियंत्रण कक्ष दूरभाष संख्या 0326-2311807 एवं 112 है। कार्यपालक दंडाधिकारी दीपक कुमार दुबे नियंत्रण कक्ष के प्रभारी रहेंगे। जबकि अनुमंडल दंडाधिकारी श्री लोकेश बारंगे तथा पुलिस उपाधीक्षक, सीसीआर, श्री प्रदीप कुमार साव नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में रहेंगे। वहीं पूरी विधि-व्यवस्था संधारण के वरीय प्रभार में अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) अरविन्द कुमार ओझा तथा सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव रहेंगे।
परीक्षार्थियों एवं केंद्रों के लिए दिशा-निर्देश
परीक्षा केंद्रों में प्रवेश व निकास के लिए केवल एक मुख्य द्वार का उपयोग होगा। केंद्र में प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की जेंडर-वार सघन शारीरिक जांच महिला एवं पुरुष कर्मियों द्वारा की जाएगी। अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच, पेजर, कैलकुलेटर, डिजिटल डायरी अथवा बैग, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण आदि परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाना सख्त मना है। केन्द्राधीक्षक एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट के अतिरिक्त किसी भी वीक्षक या कर्मी को परीक्षा परिसर में मोबाइल रखने की अनुमति नहीं होगी।
सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रहेंगे। प्रश्नपत्रों के सीलबंद पैकेट खोलने तथा अन्य महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं की विधिवत वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
परीक्षा के दौरान किसी भी अनुचित साधन का उपयोग करने वाले परीक्षार्थियों के विरुद्ध झारखंड प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम, 2023 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गोपनीयता एवं सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से सभी परीक्षा केंद्रों, नियंत्रण कक्ष एवं कोषागार (वज्रगृह) परिसर में मीडिया प्रतिनिधियों, पत्रकारों, छायाकारों अथवा किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह से वर्जित रहेगा।
संयुक्त आदेश में परीक्षा अवधि के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आकस्मिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सिविल सर्जन द्वारा जीवनरक्षक दवाओं एवं चिकित्सक दल सहित एम्बुलेंस की तैनाती की गई है। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए विशेष पुलिस बल तैनात रहेंगे, ताकि परीक्षार्थियों एवं गोपनीय वाहनों को आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न हो।
धनबाद से युधिष्ठिर की रिपोर्ट













