हाथियों के झुंड ने मचायी तबाही, डर के साए में ग्रामीण
बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के मरिचो पंचायत के भोलमारा गांव में शनिवार की देर शाम जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया।

धनबाद : बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के मरिचो पंचायत के भोलमारा गांव में शनिवार की देर शाम जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने पहले खेतों में लगे धान की फसल को रौंद दिया और फिर गांव में घुसकर एक घर को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल देखने को मिला और ग्रामीण रातभर जगकर पहरा देने को मजबूर हैं।
कई किसानों की महीनों की मेहनत पर हाथियों ने कुछ ही मिनटों में पानी फेर दिया
ग्रामीणों के अनुसार, देर शाम लगभग 25 से 26 हाथियों का झुंड जंगल की ओर से गांव की ओर आया। झुंड ने सबसे पहले गांव के किनारे स्थित खेतों में लगी धान की तैयार फसल को रौंदकर पूरी तरह नष्ट कर दिया। कई किसानों की महीनों की मेहनत पर हाथियों ने कुछ ही मिनटों में पानी फेर दिया। फसल बर्बाद करने के बाद हाथियों का झुंड गांव के अंदर प्रवेश कर गया। झुंड ने मरिचो पंचायत के पूर्व मुखिया स्वर्गीय प्रभु झांझी के घर पर हमला बोल दिया। हाथियों ने घर की दीवार को तोड़ दिया। गनीमत रही कि घर के सदस्य समय रहते बाहर निकल गए नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण एकजुट हुए और मशाल जलाकर कड़ी मशक्कत के बाद हाथियों के झुंड को गांव से बाहर जंगल की ओर खदेड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भोलमारा गांव पहुंच गई है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भोलमारा गांव पहुंच गई है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों का दल अभी भी गांव के आसपास के जंगल में ही मौजूद है, जिसके कारण सभी लोग डरे-सहमे हुए हैं और रातभर रतजगा कर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को जल्द जंगल में खदेड़ने और नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग की है।
धनबाद से नीतीश कुमार की रिपोर्ट










