ईडी के निशाने पर कोयला सिंडिकेट! धनबाद में कई कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार सुबह धनबाद में कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामले में व्यापक कार्रवाई शुरू करते हुए कई कोयला कारोबारियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस अभियान के तहत करीब 25 स्थानों को जांच के दायरे में लिया गया है, जिनका संबंध प्रमुख कोयला कारोबारी एलबी सिंह और अनिल गोयल से बताया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, जिन कारोबारियों के परिसरों पर ईडी की टीम पहुंची है उनमें माधव सिंह, गणेश यादव, शेखर यादव, पप्पू मंडल, हरेंद्र चौहान और आलोक सहित कई अन्य कारोबारी शामिल हैं। जांच एजेंसी विभिन्न दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है।
जानकारी यह भी सामने आई है कि ईडी की एक टीम एलबी सिंह के साले रंजीत सिंह के आवास पर भी जांच के लिए पहुंची। हालांकि, बताया जा रहा है कि टीम के पहुंचने के बाद रंजीत सिंह ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया, जिसके कारण अधिकारी घर के बाहर ही मौजूद रहे। गौरतलब है कि इससे पहले भी जब ईडी की टीम एलबी सिंह के आवास पर कार्रवाई के लिए पहुंची थी, तब भी इसी तरह घर का दरवाजा बंद कर लिया गया था।
खबर अपडेट जारी है...











