कोयले की धरती पर कला का नया रंग! 'कैनवास ऑफ धनबाद' से खदानों की जिंदगी को कैनवास पर उतारेंगे युवा कलाकार
कोयले की धरती धनबाद की पहचान अब कला के कैनवास पर भी नजर आएगी। झारखंड स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन की ओर से आयोजित फ्लैश आर्ट अभियान 'कैनवास ऑफ धनबाद' के तहत युवा कलाकारों के लिए एक खास पहल की जा रही है।

धनबाद : कोयले की धरती धनबाद की पहचान अब कला के कैनवास पर भी नजर आएगी। झारखंड स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन की ओर से आयोजित फ्लैश आर्ट अभियान 'कैनवास ऑफ धनबाद' के तहत युवा कलाकारों के लिए एक खास पहल की जा रही है। इसके अंतर्गत 18 नवंबर को 'एक्सपोजर विजिट: लाइफ अराउंड माइंस' कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान युवा कलाकार खनन क्षेत्रों और वहां के आसपास की जिंदगी को करीब से देखेंगे और अपने अनुभवों को कला के जरिए कैनवास पर उकेरेंगे।
उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने हरी झंडी दिखाकर इस कार्यक्रम का किया शुभारंभ
धनबाद सिर्फ कोयला खदानों के लिए ही नहीं, बल्कि यहां की संघर्षपूर्ण जिंदगी, मेहनतकश लोगों और खनन क्षेत्रों से जुड़ी सामाजिक परिस्थितियों के लिए भी जाना जाता है। इसी वास्तविकता से युवा कलाकारों को रूबरू कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने 'कैनवास ऑफ धनबाद' अभियान के तहत इस विशेष एक्सपोजर विजिट की पहल की है। 18 नवंबर 2026 यानी आज बुधवार की सुबह 9:30 बजे समाहरणालय परिसर से कलाकारों का दल निर्धारित स्थलों के भ्रमण के रवाना हुआ। इस दौरान उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने हरी झंडी दिखाकर इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
'कैनवास ऑफ धनबाद' के जरिए जिला प्रशासन कोयलांचल की पहचान, चुनौतियों और जीवन की कहानियों को कला के रंगों में ढालने की एक नई कोशिश कर रहा है
इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य युवा कलाकारों को खनन क्षेत्रों की वास्तविक जिंदगी, वहां के परिवेश और सामाजिक परिस्थितियों को करीब से समझने का अवसर देना है, ताकि उनके अनुभव कला के माध्यम से सामने आ सकें। 'कैनवास ऑफ धनबाद' के जरिए जिला प्रशासन कोयलांचल की पहचान, चुनौतियों और जीवन की कहानियों को कला के रंगों में ढालने की एक नई कोशिश कर रहा है।














