जोशी कॉलोनी में गहराया विवाद, ग्रामीणों ने SP से लगाई गुहार, झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप
हरला थाना क्षेत्र के जोशी कॉलोनी गेट नंबर-3 में एक विवाद को लेकर ग्रामीणों और एक परिवार के बीच तनाव की स्थिति सामने आई है।

बोकारो : हरला थाना क्षेत्र के जोशी कॉलोनी गेट नंबर-3 में एक विवाद को लेकर ग्रामीणों और एक परिवार के बीच तनाव की स्थिति सामने आई है। ग्रामीणों ने नीलमनी देवी और उनके पुत्र राम बोदरा के खिलाफ बोकारो एसपी को लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
नीलमनी के हाथ में चोट मारपीट से नहीं, बल्कि कुछ दिन पहले गिरने के कारण लगी थी - ग्रामीण
ग्रामीणों का आरोप है कि नीलमनी देवी के हाथ में चोट मारपीट से नहीं, बल्कि कुछ दिन पहले गिरने के कारण लगी थी। इसके बावजूद मारपीट का आरोप लगाकर कुछ लोगों के खिलाफ हरला थाना में मामला दर्ज कराया गया। ग्रामीणों ने इसे गलत बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
महिलाओं के विरोध के बाद विवाद बढ़ गया
ग्रामीणों के अनुसार, विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर मोहल्ले में सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान राम बोदरा वहां पहुंचा और महिलाओं के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करने लगा। महिलाओं के विरोध के बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि नीलमनी देवी जो अपने घर में शराब बेचती है ने भी मौके पर पहुंचकर गाली-गलौज की और विरोध करने वालों को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। ग्रामीणों ने एसपी और डीएसपी से मामले की उच्चस्तरीय जांच कर वास्तविकता सामने लाने और मोहल्ले के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
21 सितंबर को राम बोदरा की शिकायत पर जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और मारपीट का मामला दर्ज हुआ था - सिटी DSP
वहीं, सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि 21 सितंबर को राम बोदरा की शिकायत पर जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और मारपीट का मामला दर्ज हुआ था। मंगलवार को दूसरे पक्ष के लोग भी कार्यालय पहुंचे और कुछ साक्ष्य प्रस्तुत किए हैं। डीएसपी ने कहा कि दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होगी।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट










