क्रेडिट लिमिट बढ़ाने और बिजली बिल अपडेट के नाम पर करते थे ठगी, हुए गिरफ्तार
राजधानी में साइबर थाने की पुलिस टीम ने बड़ी करवाई की है। टीम ने वैसे साइबर ठगों को गिरफ्त में लिया है, जो फर्जी नंबर के माध्यम से भोले भाले लोगों को अपनी जाल में फंसाते थे और उनको चूना लगाते थे।

पटना: राजधानी में साइबर थाने की पुलिस टीम ने बड़ी करवाई की है। टीम ने वैसे साइबर ठगों को गिरफ्त में लिया है, जो फर्जी नंबर के माध्यम से भोले भाले लोगों को अपनी जाल में फंसाते थे और उनको चूना लगाते थे। गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस इनके नेटवर्क को खंगाल रही है और यह भी जानकारी एकत्र करने में जुटी है कि यह गिरोह अब तक कितने लोगों को निशाना बना चुका है।
साइबर थाने द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार राजधानी में निजी बैंकों के कस्टमर केयर नंबर को सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर डालकर ग्राहकों को ठगी का शिकार बनाने वाले साइबर ठग गिरोह के सदस्यों को पकड़ा गया है। इन सभी से अब पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि यह सभी एक बड़े नेटवर्क को ऑपरेट कर रहे थे। इस गिरोह ने अब तक करोड़ो रुपये की ठगी की घटना को अंजाम दिया है। तकनीकी जांच में सामने आया है कि आरोपी अलग-अलग राज्यों में साइबर अपराध को अंजाम देते थे। इनके खिलाफ कई राज्यों में साइबर ठगी से जुड़ी शिकायतें भी दर्ज होने की बात सामने आई है। जांच के दौरान एनसीआरपी पोर्टल पर भी आरोपियों के खिलाफ करोड़ों रुपये की साइबर ठगी से संबंधित शिकायतों का पता चला है। पुलिस का कहना है कि गिरोह में कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसकी जांच जारी है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने, बैंक खाते के नाम पर रिवॉर्ड प्वाइंट दिलाने और बिजली बिल अपडेट करने के नाम पर लोगों से साइबर ठगी करते थे। बताया जा रहा है कि इस गिरोह का सरगना प्रतोश कुमार नाम का शख्स है। आरोपी नालंदा जिले का बताया जा रहा है। उसी के इशारे में साइबर ठगी के इस गिरोह का संचालन किया जा रहा था। इस मामले में साइबर थाना पुलिस ने नालंदा,लखीसराय और गया में भी छापेमारी की है। गिरफ्तार अन्य आरोपियों में शेखपुरा निवासी प्रतोप कुमार, नालंदा निवासी गुड्डू कुमार और अंशु कुमार और पटना निवासी विवेक कुमार शामिल हैं।
पुलिस ने गिरफ्त में आये ठगों के पास से कई सिम कार्ड, लैपटॉप, बैंक अकाउंट और एटीएम कार्ड को भी बरामद किया है। पटना साइबर थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और साइबर ठगी के नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
पटना से राजन की रिपोर्ट










