भीषण सड़क हादसा, टेंपो सवार की मौत, चार घायल, मुआवजे की मांग पर NH जाम
बोकारो: पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के काशीझरिया काजूवन के समीप गुरुवार शाम एनएच-32 पर दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

बोकारो: पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के काशीझरिया काजूवन के समीप गुरुवार शाम एनएच-32 पर दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया, जिससे भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चास से सवारी लेकर पिंड्राजोरा जा रही टेंपो (जेएच 10 एएस 7129) सड़क किनारे खड़े ट्रेलर (एनएल 01 एडी 9911) से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ग्वालाडीह निवासी 50 वर्षीय मृत्युंजय महतो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। चार घायलों को पुलिस ने सदर अस्पताल पहुंचाया।
थाना प्रभारी रवि कुमार ने सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया, लेकिन ग्रामीण उच्चाधिकारियों को घटनास्थल पर बुलाने और लिखित मांग पर अड़े रहे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शव बीजीएच की मर्चरी में रखा गया है।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट













