डॉक्टर पर हमले की BHSA ने की कड़ी निंदा, सरकार से कर दी बड़ी मांग
बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ (BHSA) ने गोपालगंज में चिकित्सक के साथ हुई मारपीट एवं जानलेवा हमले की घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, निंदनीय एवं चिंताजनक बताया है।

पटना: बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ (BHSA) ने गोपालगंज में चिकित्सक के साथ हुई मारपीट एवं जानलेवा हमले की घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, निंदनीय एवं चिंताजनक बताया है।
यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि चिकित्सक अपने ही कार्यस्थल पर सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहे हैं। आए दिन राज्य के विभिन्न अस्पतालों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों पर हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं। शायद ही कोई सप्ताह ऐसा गुजरता हो, जब किसी चिकित्सक के साथ मारपीट या जानलेवा हमले की खबर नहीं आती हो।
संघ ने कहा कि चिकित्सा सेवा एक अत्यंत संवेदनशील एवं मानवीय सेवा है। चिकित्सक मरीजों की जान बचाने के लिए हरसंभव प्रयास करते हैं और कई बार अपनी जान की परवाह किए बिना भी सेवा में जुटे रहते हैं। लेकिन चिकित्सक भी एक इंसान हैं और उन्हें भी अपने कार्यस्थल पर सुरक्षित वातावरण में काम करने का अधिकार है।
गोपालगंज की वर्तमान घटना और भी दुर्भाग्यपूर्ण है, क्योंकि प्राप्त जानकारी के अनुसार मरीज को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। इसके बावजूद चिकित्सक के साथ मारपीट की गई और उन्हें निशाना बनाया गया। ऐसी घटनाएं चिकित्सकों का मनोबल तोड़ने के साथ-साथ पूरी स्वास्थ्य व्यवस्था को प्रभावित करती हैं।
BHSA ने राज्य सरकार से प्रमुख रूप से निम्नलिखित मांगें की हैं:
1.राज्य के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में APHC से लेकर PHC, CHC, अनुमंडलीय अस्पताल, सदर अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज तक पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित सुरक्षा बलों की स्थायी तैनाती की जाए।
2.संवेदनशील अस्पतालों एवं आपातकालीन विभागों में पर्याप्त संख्या में सशस्त्र सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
3.अस्पतालों में वर्तमान में तैनात सुरक्षा गार्डों की कार्यक्षमता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए, क्योंकि कई बार उपद्रव की स्थिति में सुरक्षा गार्ड स्वयं घटनास्थल से भाग जाते हैं।
4.चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों पर हमला करने, धमकी देने अथवा उनके सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले दोषियों के विरुद्ध लागू कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाए। गैर-जमानती धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
5.गोपालगंज की घटना में शामिल सभी उपद्रवियों की पहचान कर उनके विरुद्ध अविलंब कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
6.चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी चिकित्सक सुरक्षा कानून लागू किया जाए तथा अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जाए।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि चिकित्सक समाज के स्वास्थ्य की रक्षा करते हैं। यदि चिकित्सक ही अस्पतालों में सुरक्षित नहीं रहेंगे, तो राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित करना कठिन हो जाएगा। चिकित्सकों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
BHSA ने राज्य सरकार को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि गोपालगंज की घटना में शामिल दोषियों के विरुद्ध अविलंब कठोर कार्रवाई नहीं की जाती है तथा चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा के लिए ठोस एवं प्रभावी निर्णय नहीं लिया जाता है, तो बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ राज्यव्यापी आंदोलन एवं कठोर संगठनात्मक निर्णय लेने के लिए बाध्य होगा। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।
संघ ने राज्य सरकार से इस गंभीर मामले में अविलंब हस्तक्षेप कर चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।















