इस स्कूल में पहुंच गए शिक्षा मंत्री, किया निरीक्षण, DM के अलावा कई अधिकारी रहे मौजूद
बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने आज गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सदौवा स्थित सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) का जिला पदाधिकारी, गोपालगंज एवं जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया।

गोपालंगज : बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने आज गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सदौवा स्थित सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) का जिला पदाधिकारी, गोपालगंज एवं जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान गोपालगंज के जिला पदाधिकारी समीर सौरभ और जिला प्रशासन के अन्य वरीय अधिकारी उनके साथ मौजूद थे।
शिक्षा मंत्री ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षण गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपस्थिति, उपलब्ध आधारभूत संरचनाओं और मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। शिक्षा मंत्री ने बेहतर विद्यालय, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य को 'विकसित बिहार' के संकल्प का आधार बताया।
मिथिलेश तिवारी ने कमियों पर लगायी फटकार
शिक्षा मंत्री ने विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं में कमियां पाए जाने पर उन्होंने प्रधानाध्यापक और जिला शिक्षा पदाधिकारी को कड़ी फटकार लगाई। मंत्री ने अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के लिए 15 दिनों का समय दिया है। 15 दिन बाद शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी दोबारा स्कूल का निरीक्षण करेंगे और सरकार के 21 निर्धारित मानकों पर जांच रिपोर्ट सौंपेंगे। यदि समय पर सुधार नहीं हुआ, तो प्रधानाध्यापक से लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी तक पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।











