वित्तीय अनियमितता के आरोप में प्रधानाध्यापक निलंबित, विभागीय जांच का भी आदेश
राज्य के गोपालगंज के डीईओ ने वित्तीय अनियमितता एवं राशि के दुरुपयोग के आरोप के आधार पर राजकीय मध्य विद्यालय, जलालपुर, सिधवलिया के हेडमास्टर को निलंबित कर दिया है।

राज्य के गोपालगंज के डीईओ ने वित्तीय अनियमितता एवं राशि के दुरुपयोग के आरोप के आधार पर राजकीय मध्य विद्यालय, जलालपुर, सिधवलिया के हेडमास्टर को निलंबित कर दिया है। निलंबित हेडमास्टर राकेश कुमार शर्मा के खिलाफ आरोप पत्र गठित कर अनुशासनिक कार्रवाई शुरू करते हुए विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं।
डीपीओ, स्थापना ने 27 जुलाई को विद्यालय का औचक निरीक्षण किया था। जांच में विद्यालय के वित्तीय अभिलेखों के हस्तांतरण, छात्र कोष एवं विकास कोष की राशि के जमा एवं निकासी तथा खर्च से संबंधित कई अनियमितताएं पाई गईं।
जांच में पाया गया कि वर्तमान प्रधानाध्यापक के योगदान के बाद भी वित्तीय दस्तावेज समय पर हस्तांतरित नहीं किए गए। वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2025-26 के दौरान छात्र कोष एवं विकास कोष से करीब 9.29 लाख रुपये की निकासी का विवरण मिला, लेकिन निकासी के दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए। इसके अलावा कंपोजिट ग्रांट एवं खेलकूद मद की राशि से संबंधित अभिलेख भी जांच के दौरान प्रस्तुत नहीं किए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शर्मा के विरुद्ध आरोप पत्र गठित कर विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई शुरू की गई है। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान, गोपालगंज को जांच पदाधिकारी तथा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, सिधवलिया को उपस्थापन पदाधिकारी नामित किया गया है। दोनों को निर्धारित अवधि में जांच पूरी कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।












