BPSC TRE-4 को लेकर बड़ी खुशखबरी, नीतीश कुमार से मिले छात्र नेता दिलीप-अभ्यर्थी, '46 हजार पदों पर विज्ञापन जारी करवा दें'
बिहार में बीपीएससी शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 को लेकर अभ्यर्थियों ने गुरुवार को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में अभ्यर्थियों का एक प्रतिनिधिमंडल नीतीश कुमार से मिलने पहुंचा।
बिहार में बीपीएससी शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 के विज्ञापन में हो रही देरी को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी है। इस बीच अभ्यर्थियों ने गुरुवार को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में अभ्यर्थियों का एक प्रतिनिधिमंडल नीतीश कुमार से मिलने पहुंचा। छात्र प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात के दौरान नीतीश कुमार से शिक्षक बहाली प्रक्रिया को जल्द शुरू करने और 46 हजार से अधिक पदों पर बहाली निकालने की मांग उठाई।
पूर्व सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात के दौरान अभ्यर्थियों ने TRE-4 भर्ती का विज्ञापन जल्द जारी करने और 46 हजार से अधिक पदों पर बहाली निकालने की मांग उठाई। मुलाकात के दौरान छात्र नेताओं ने कहा कि TRE-4 भर्ती प्रक्रिया एक ही परीक्षा के माध्यम से पूरी की जाए, ताकि अभ्यर्थियों को बार-बार परीक्षा और लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़े।
पूर्व सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद छात्र नेता दिलीप ने बताया कि 46 हजार शिक्षको की बहाली को लेकर इसी वर्ष जो रोस्टर जारी हुआ था, उस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने नीतीश कुमार से अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षक प्रतिनिधि चाहते हैं कि पहले 46 हजार शिक्षकों की नियुक्ति हो जाए उसके बाद प्रति वर्ष 20 हजार की बहाली हो।
बता दें कि TRE-4 भर्ती को लेकर हाल के दिनों में पटना में अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन भी किया था। इस दौरान पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने का मामला काफी चर्चा में रहा। छात्र नेता दिलीप कुमार भी आंदोलन के दौरान गिरफ्तार हुए थे और उन्हें जेल जाना पड़ा था। उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया था और पिछले सप्ताह ही उन्हें जमानत मिली, जिसके बाद वह जेल से बाहर आए। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने नीतीश कुमार से मुलाकात की है और फिर से अभ्यर्थियों का मुद्दा उठाया है।
बता दें कि बीपीएससी शिक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर बीते दिनों सीएम सम्राट चौधरी ने शिक्षा विभाग के सीनियर अधिकारियों के साथ बैठक की थी। उच्चस्तरीय बैठक में शिक्षा मंत्री और ACS के अलावा कई सीनियर अधिकारी मौजूद रहे। सीएम सम्राट चौधरी ने बताया था कि अगले 5 वर्षों में एक लाख शिक्षकों की नियुक्ति की जायेगी। इसके अन्तर्गत प्रत्येक वर्ष कम से कम लगभग 20 हजार शिक्षकों की नियुक्ति की जायेगी। इसके लिये हर वर्ष जुलाई महीने में नियुक्ति संबंधी विज्ञापन जारी किया जायेगा।