बिहार में शिक्षकों के लिए बड़ा आदेश, नियुक्ति और पदस्थापन का शेड्यूल हुआ जारी
बिहार में विशेष (विशिष्ट) शिक्षकों की नियुक्ति और पदस्थापन का शेड्यूल जारी हो गया है। तृतीय व चतुर्थ क्षमता परीक्षा पास तथा द्वितीय चरण की काउंसिलिंग पूरी करने वाले शिक्षकों की नियुक्ति होगी।
बिहार में विशेष (विशिष्ट) शिक्षकों की नियुक्ति और पदस्थापन का शेड्यूल जारी हो गया है। तृतीय व चतुर्थ क्षमता परीक्षा पास तथा द्वितीय चरण की काउंसिलिंग पूरी करने वाले शिक्षकों की नियुक्ति होगी। 8 से 10 जुलाई 2026 तक औपबंधिक नियुक्ति पत्र प्रिंट किए जाएंगे। 11 जुलाई से विद्यालय पदस्थापन पत्र और योगदान पत्र उपलब्ध होंगे। वहीं 15 से 18 जुलाई 2026 तक जिला स्तर पर नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। 20 से 25 जुलाई 2026 तक विशेष शिक्षक के रूप में विद्यालय में योगदान देना होगा।
योगदान की तिथि से संबंधित शिक्षक स्थानीय निकाय शिक्षक पद से स्वतः विरमित माने जाएंगे। योगदान की तिथि से ही विशेष शिक्षक के पद का वेतन देय होगा। शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। प्राथमिक शिक्षा निदेशक कुमार निशांत विवेक की ओर से 4 जुलाई 2026 को जारी पत्र में समयबद्ध तरीके से औपबंधिक नियुक्ति पत्र, पदस्थापन पत्र और विद्यालय योगदान पत्र उपलब्ध कराने का आदेश दिया गया है। यह आदेश बिहार विद्यालय विशिष्ट शिक्षक नियमावली, 2023 तथा बिहार विद्यालय विशिष्ट शिक्षक (संशोधन) नियमावली, 2024 के आलोक में जारी किया गया है।
8 से 10 जुलाई के बीच निकलेगा औपबंधिक नियुक्ति पत्र
शिक्षा विभाग ने कहा है कि संबंधित जिलों में पदस्थापित ऐसे स्थानीय निकाय शिक्षक, जो सक्षमता परीक्षा के तृतीय और चतुर्थ चरण में उत्तीर्ण हुए हैं और जिनकी काउंसिलिंग पूरी हो चुकी है, उनके लिए औपबंधिक नियुक्ति पत्र जारी किया जाएगा।
विभाग के अनुसार औपबंधिक नियुक्ति पत्र सॉफ्टवेयर के माध्यम से 8 जुलाई 2026 से 10 जुलाई 2026 के बीच प्रिंट किया जाएगा। यह नियुक्ति पत्र संबंधित जिला शिक्षा पदाधिकारी के डिजिटल हस्ताक्षर से निर्गत होगा।
पुराने विद्यालय में ही पदस्थापन का आदेश
पत्र में सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि विशिष्ट शिक्षकों का पदस्थापन उसी विद्यालय में किया जाए, जहां वे पहले से कार्यरत हैं। औपबंधिक नियुक्ति पत्र प्रिंट करने के बाद विद्यालय पदस्थापन पत्र एवं विद्यालय योगदान पत्र भी सॉफ्टवेयर के माध्यम से 11 जुलाई 2026 से प्रिंट किया जा सकेगा।
15 से 18 जुलाई तक मिलेगा नियुक्ति और पदस्थापन पत्र
विभाग के आदेश के मुताबिक सक्षमता परीक्षा तृतीय एवं चतुर्थ उत्तीर्ण तथा द्वितीय चरण के तहत काउंसिलिंग पूर्ण कर चुके शिक्षक अभ्यर्थियों को 15 जुलाई 2026 से 18 जुलाई 2026 के बीच जिला स्तर पर औपबंधिक नियुक्ति पत्र, विद्यालय पदस्थापन पत्र और विद्यालय योगदान पत्र उपलब्ध कराया जाएगा।
20 से 25 जुलाई के बीच करना होगा योगदान
चयनित और औपबंधिक रूप से नियुक्त विशिष्ट शिक्षकों को संबंधित विद्यालय में 20 जुलाई 2026 से 25 जुलाई 2026 तक योगदान देना होगा। यानी शिक्षा विभाग ने नियुक्ति से लेकर विद्यालय में योगदान तक की पूरी समय-सारिणी तय कर दी है।
स्थानीय निकाय शिक्षक पद से स्वतः विरमित माने जाएंगे
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विशिष्ट शिक्षक के रूप में विद्यालय में योगदान की तिथि से संबंधित शिक्षक को स्थानीय निकाय शिक्षक के पद से स्वतः विरमित समझा जाएगा। इसके बाद उनकी सेवा विशिष्ट शिक्षक के रूप में मानी जाएगी और उन्हें नियमानुसार वेतन देय होगा।
विभाग ने दिए समय पर कार्रवाई के निर्देश
प्राथमिक शिक्षा निदेशक ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि आदेश के अनुसार समय के भीतर पूरी प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। इससे नियुक्ति पत्र वितरण, पदस्थापन और विद्यालय में योगदान की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो।
मुख्य तारीखें एक नजर में:
8–10 जुलाई 2026: औपबंधिक नियुक्ति पत्र प्रिंट
11 जुलाई 2026 से: पदस्थापन और योगदान पत्र प्रिंट
15–18 जुलाई 2026: जिला स्तर पर दस्तावेज उपलब्ध कराना
20–25 जुलाई 2026: विद्यालय में योगदान की अवधि
Trending News