शिक्षक दिवस पर राज्य के सभी विद्यालयों में होगी पेंटिंग प्रतियोगिता
शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले छात्र- छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा।

पटना: शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले छात्र- छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा। इस प्रतियोगिता को आयोजित करने के लिए बिहार शिक्षा परियोजना निदेशक ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों के पास पत्र भेजा है।
उन्होंने पत्र के माध्यम से कहा है कि विद्यालयों में अगलगी से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 5 सितंबर को सभी विद्यालयों में पेंटिंग प्रतियोगिता करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा है कि इस पेंटिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को अगलगी से बचाव के उपायों पर चित्रांकन करने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि बच्चों को अगलगी होने पर उससे बचने के बारे में जानकारी हो सके।
राज्य परियोजना निदेशक ने कहा है कि प्रतियोगिता के बाद इसकी जानकारी प्राधिकरण को दी जाए कि कितने विद्यालयों में बच्चों के बीच यह पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई है। साथ ही विद्यालय स्तर पर पेंटिंग बनाने वाले विद्यार्थियों में से प्रथम, द्वितीय और तृतीय श्रेणी को पुरस्कृतकिया जाए। बताया जाता है कि आपदा प्रबंधन विभाग ने स्कूली बच्चों में अगलगी से बचाव करने के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से बच्चों के बीच पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन करने के लिए शिक्षा विभाग के पास पत्र भेजा था।










