घरेलू एलपीजी सिलेंडर के लिए एक अक्तूबर से पहले करें ये काम, नहीं तो नहीं मिलेगा सब्सिडी वाला सिलेंडर
घरेलू एलपीजी सिलेंडर से जुड़ी अहम खबर है। दरअसल सरकार ने सब्सिडी को सही परिवारों तक पहुंचाने के उद्देश्य से बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन को जरूरी कर दिया है।

घरेलू एलपीजी सिलेंडर से जुड़ी अहम खबर है। दरअसल सरकार ने सब्सिडी को सही परिवारों तक पहुंचाने के उद्देश्य से बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन को जरूरी कर दिया है। एक अक्तूबर से पहले ग्राहकों को अपना बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन पूरा करना होगा। ऐसा नहीं करने वाले ग्राहकों को बिना सब्सिडी के सिलेंडर खरीदना पड़ेगा।
सरकारी निर्देश के अनुसार इस बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन को करना जरूरी है। हालांकि इसके लिए कई तरह की सुविधाएं भी दी गयी हैं। ग्राहक एप, ऑनलाइन या फिर अपने घर सिलेंडर डिलिवरी करने आये डिलिवरी बॉय के माध्यम से अपना बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन कर सकते हैं। इसके अलावा सिलेंडर डिलिवर करने वाली एजेंसी के पास जाकर भी इस प्रक्रिया को पूरा किया जा सकता है।
अगर ग्राहक अपने मोबाइल फोन के माध्यम से बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन को पूरा करना चाहते हैं तो इसके लिए उनको फोन में Aadhaar FaceRD ऐप भी डाउनलोड करना होगा। इस एप के जरिये ही बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन पूरा हो सकेगा। एप में अपने एलपीजी कनेक्शन से लिंक मोबाइल नंबर के माध्यम से सबसे पहले एप में लॉगइन करना होगा। इसके बाद गैस कंपनी के एप के मेन्यू में दिए गए प्रोफाइल सेक्शन में जाकर Authentication या KYC के ऑप्शन पर क्लिक करना होगा। इसके बाद एप कैमरे को खोल देगा। ध्यान देना होगा कि पीछे का बैकग्राउंड सफेद होना चाहिए। इसके बाद दिए गए निर्देश का पालन करने के बाद वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। फिर एक ओटीपी प्राप्त होगा और फॉर्म को सब्मिट करना होगा। इस प्रक्रिया को पूरी करने के बाद ऑथेंटिकेशन पूरा हो जाएगा। इन निर्देश को पूरा करने के बाद ग्राहक सब्सिडी पर सिलेंडर पा सकेंगे।
अगर मोबाइल फोन में ऐप को इंस्टॉल नहीं करना चाहते, तो इस कार्य को ब्राउजर के माध्यम से भी पूरा किया जा सकता है। आप अपने फोन या लैपटॉप के ब्राउजर पर e-KYC या बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन को पूरा कर सकते हैं। इसके लिए ऑफिशियल पोर्टल mylpg.in पर जाकर संबंधित गैस कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट को खोलना होगा। फिर स्क्रीन पर दिख रही गैस कंपनियों में से अपनी गैस कंपनी के नाम का चयन करने के बाद क्लिक करें। फिर लॉग इन करें। इसके बाद सर्विस सेक्शन या डैशबोर्ड में Biometric Authentication के ऑप्शन पर जाएं। इसके बाद ग्राहक के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी मिलेगा। इसे दर्ज करके डिटेल्स को मिलाएं और सबमिट करें। इस प्रक्रिया से ऑथेंटिकेशन पूरा हो जाएगा।
साथ ही घर पर सिलेंडर की डिलिवरी के लिए आने वाले डिलिवरी बॉय के माध्यम से भी सिलेंडर की डिलीवरी रिसीव करते हुए भी बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन पूरा किया जा सकता है। डिलीवरी बॉय एक POS मशीन या मोबाइल ऐप से बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन को पूरा कर देगा। इस तरह से भी ग्राहक का ऑथेंटिकेशन पूरा हो जाएगा। ध्यान देने वाली बात यह कि अगर ग्राहक ने अपना मोबाइल नंबर बदल दिया है या आधार में किसी प्रकार की दिक्कत है तो इसके लिए ग्राहक को अपने नजदीकी गैस एजेंसी में जाकर अपडेट कराना होगा।










