'स्कूल की दीवार पर दिल बनाने वाले लड़के' अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में देश के नामचीन कवियों ने अपनी रचनाओं से बांधा समां

अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे नामचीन कवि-कवयित्रियों ने अपनी रचनाओं से ऐसी महफिल सजायी कि देर रात तक पूरा परिसर तालियों, ठहाकों, गीतों और गजलों से गूंजता रहा।

'स्कूल की दीवार पर दिल बनाने वाले लड़के' अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में देश के नामचीन कवियों ने अपनी रचनाओं से बांधा समां

जंदाहा (वैशाली)। जन्मदिन को केक काटने, फूल-मालाओं और बधाइयों तक सीमित रखने के बजाय उसे साहित्य, संस्कृति, शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जोड़ने की अनूठी पहल महनार विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी एवं शिक्षाविद् संजय कुमार राय ने की। शनिवार की शाम रामशरण राय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, जंदाहा के परिसर में उनके जन्मदिन के अवसर पर आयोजित भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन साहित्यिक उत्सव में तब्दील हो गया। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे नामचीन कवि-कवयित्रियों ने अपनी रचनाओं से ऐसी महफिल सजायी कि देर रात तक पूरा परिसर तालियों, ठहाकों, गीतों और गजलों से गूंजता रहा। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, बुद्धिजीवियों, जनप्रतिनिधियों और साहित्य प्रेमियों की बड़ी भागीदारी रही।

इस काव्योत्सव में कहीं गांव की मिट्टी और ग्रामीण युवाओं के संघर्ष की कहानी सुनने को मिली, तो कहीं मां की ममता और प्रेम की संवेदनाओं ने लोगों की आंखें नम कर दीं। हास्य और व्यंग्य की रचनाओं ने समसामयिक राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों पर कटाक्ष किया। वहीं बिहार की अस्मिता, लोकसंस्कृति और नई पीढ़ी के बदलते जीवन पर आधारित कविताओं ने श्रोताओं को खूब प्रभावित किया। आयोजन की खासियत यह रही कि बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं देर रात तक कवियों की प्रस्तुतियां सुनने के लिए जमे रहे।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन रामशरण राय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के निदेशक संजय कुमार राय, महाविद्यालय के अध्यक्ष रामदयाल राय, सचिव शिवदयाल राय, महाविद्यालय के प्रथम प्राचार्य रामलवलीन राय तथा आमंत्रित कवियों एवं गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन के साथ ही परिसर में साहित्यिक और सांस्कृतिक वातावरण बन गया।

कवि सम्मेलन की शुरुआत श्रृंगार रस की चर्चित कवयित्री मुमताज नसीम की सरस्वती वंदना से हुई। उन्होंने अपनी मधुर आवाज में प्रस्तुत किया—

'हे सरस्वती मां, तेरे चरणों में अर्पण मेरे दो जहान,

मैं हर पल तुम्हारी ही दासी रही,

याद करके न कभी उदासी रही...'

उनकी भावपूर्ण प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद मंच पर कवियों की प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ और एक से बढ़कर एक रचनाओं ने श्रोताओं को बांधे रखा।

गांव के लड़के की कहानी ने युवाओं में भरा जोश

कवि सम्मेलन के उद्घाटन सत्र के प्रथम कवि संजीव मुकेश ने अपनी चर्चित कविता 'गांव का लड़का' सुनाकर ग्रामीण परिवेश में पलने-बढ़ने वाले युवाओं के संघर्ष और आत्मसम्मान को आवाज दी। उन्होंने सुनाया—

'कदम पर छिटकिया चुनता है गांव का लड़का,

हमेशा अपने ही जिद पर अड़ा है गांव का लड़का।

जो अपने हौसले से नाप आया है धरती-अंबर,

मगर दहलीज पर खड़ा है गांव का लड़का...'

गांव के साधारण परिवेश में रहकर बड़े सपने देखने और अपनी मेहनत के दम पर आगे बढ़ने वाले युवाओं की कहानी को कविता में सुनकर छात्र-छात्राओं ने जमकर तालियां बजाईं। कविता ने ग्रामीण प्रतिभाओं की क्षमता और उनके संघर्ष को प्रभावशाली तरीके से सामने रखा।

गैस सिलेंडर की समस्या पर बिहारी लाल अंबर का तीखा व्यंग्य

हास्य कवि बिहारी लाल अंबर ने अपनी चुटीली और व्यंग्यात्मक रचनाओं से महफिल में हंसी का तूफान ला दिया। आम आदमी की समस्याओं और रोजमर्रा के जीवन से जुड़े मुद्दों को हास्य के अंदाज में प्रस्तुत कर उन्होंने दर्शकों को खूब गुदगुदाया। रसोई गैस सिलेंडर की समस्या पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने सुनाया—

'न दौलत न कोई कैश चाहिए,

न सुख न कोई ऐश चाहिए,

कैसे खाना बनेगा किचन में मेरे,

मोदी जी! मुझे एक गैस चाहिए...'

इन पंक्तियों के साथ ही दर्शक दीर्घा में ठहाके गूंजने लगे। उनकी प्रस्तुति में मनोरंजन के साथ आम आदमी की परेशानी और व्यवस्था पर व्यंग्य का भी पुट था।

नीलोत्पल मृणाल के बिहार गीत पर झूम उठे दर्शक

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण उस समय आया, जब बिहार के चर्चित कवि नीलोत्पल मृणाल मंच पर पहुंचे। उन्होंने जैसे ही 'बिहार है रे भैया, हम बिहार हैं...' की प्रस्तुति शुरू की, दर्शक दीर्घा में बैठे लोग उत्साह से झूमने लगे। बिहार की माटी, पहचान, संस्कृति और गौरव को स्वर देती उनकी प्रस्तुति ने पूरे परिसर में अलग ही ऊर्जा भर दी।

इसके बाद उन्होंने अपनी दूसरी कविता के माध्यम से युवाओं को उनके अतीत और वर्तमान का आईना दिखाया। सोशल मीडिया और रील के बढ़ते प्रभाव पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने सुनाया—

'स्कूल की दीवार पर दिल बनाने वाले लड़के,

चलती तीर को खुद पे लेकर चलती तीर को अपने दिल पर खाने वाले लड़के,

दिल टूटने पर बिस्तर को झील बनाने वाले लड़के,

उस दौर का जादू क्या जाने इस रील बनाने वाले लड़के।'

पुराने दौर की भावनाओं, प्रेम और संवेदनाओं की तुलना आज के डिजिटल दौर से करती इन पंक्तियों ने युवाओं को खूब प्रभावित किया। श्रोताओं ने तालियों से उनका स्वागत किया।

मां की ममता पर कविता सुन भावुक हुए श्रोता

कवि राधेश्याम भारती ने मां के त्याग, संघर्ष और निस्वार्थ प्रेम पर आधारित अपनी कविता से महफिल का माहौल भावुक कर दिया। मां के वात्सल्य को याद करते हुए उन्होंने सुनाया—

'मां छाले पेड़ के घिसकर लगाती थी,

वो जख्म सूख जाता था जिस पर लगाती थी।

वो छाल अब लगाता हूं, पर राहत नहीं मिलती,

मां छाल के संग ममता भी लगाती थी...'

मां की ममता और उसके स्नेह का मार्मिक चित्रण सुनकर कई श्रोताओं की आंखें नम हो गयीं। कुछ देर के लिए पूरा परिसर भावनाओं में डूब गया।

मुमताज नसीम की गजलों ने बांधा समां

कवयित्री मुमताज नसीम ने अपने काव्य पाठ में प्रेम, श्रृंगार और संवेदनाओं से जुड़ी गजलों की प्रस्तुति दी। उनकी आवाज और अदायगी ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने सुनाया—

'प्यार की खुशबुओं का समंदर हूं मैं,

मुस्कुराता हुआ शौख मंजर हूं मैं...'

उनकी गजलों पर भी श्रोताओं ने खूब वाहवाही की। हास्य, व्यंग्य, श्रृंगार और संवेदना से सजी इस साहित्यिक शाम में हर कवि की प्रस्तुति का अपना अलग रंग देखने को मिला।

नीलोत्पल मृणाल के सोहर से हुआ यादगार समापन

कवि सम्मेलन के अंतिम चरण में नीलोत्पल मृणाल ने संजय कुमार राय के जन्मदिन के अवसर पर पारंपरिक सोहर 'भुहर-भुहर बाल रे होरिलवा...' प्रस्तुत किया। बिहार की लोक परंपरा और पारंपरिक मंगलगीत की इस प्रस्तुति ने पूरे आयोजन को अपनी मिट्टी की सुगंध से जोड़ दिया। श्रोता लोकधुनों में सराबोर हो गये और तालियों के बीच कार्यक्रम का यादगार समापन हुआ।

कवि सम्मेलन का संचालन कवि एवं साहित्यकार चंदन द्विवेदी ने किया। उन्होंने अपनी प्रभावशाली संचालन शैली से कवियों और श्रोताओं के बीच पूरे समय संवाद और उत्साह का वातावरण बनाये रखा।

साहित्य समाज का दर्पण, सामाजिक बदलाव का सशक्त माध्यम : संजय कुमार राय

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संजय कुमार राय ने कहा कि आप सभी ने मेरे जन्मदिन को साहित्य और संस्कृति के रूप में मनाकर इसे मेरे जीवन का अविस्मरणीय अवसर बना दिया है। इसके लिए पूरी आयोजक मंडली, देश के विभिन्न हिस्सों से आये कवियों, अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति कोटि-कोटि आभार व्यक्त करता हूं। सुबह से ही जिस तरह लोगों का प्यार, आशीर्वाद और शुभकामनाएं मिल रही हैं, उससे मैं अभिभूत हूं। इस बार का जन्मदिन मेरे लिए अद्वितीय और यादगार बन गया है।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन में गंगा-जमुनी तहजीब, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता की खूबसूरत झलक देखने को मिली। साहित्य समाज का दर्पण होता है। कवि की कविता गांव की आत्मा में बसती है। कविता, छंद, कहानी और उपन्यास केवल मनोरंजन के साधन नहीं हैं, बल्कि समाज की वास्तविक परिस्थितियों को सामने लाने और लोगों को जागरूक करने का सशक्त माध्यम हैं। साहित्य में सामाजिक क्रांति लाने, कुरीतियों को समाप्त करने और समाज में सकारात्मक बदलाव की मजबूत ताकत होती है।

उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि नई पीढ़ी साहित्य, संस्कृति और अपनी परंपराओं से जुड़े। शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में सामाजिक चेतना, मानवीय संवेदना और सांस्कृतिक मूल्यों का विकास भी जरूरी है।

शहर की उच्च शिक्षा गांव में लाना है सपना

संजय कुमार राय ने शिक्षा के क्षेत्र में अपने संकल्प को साझा करते हुए कहा कि आमतौर पर उच्च शिक्षा के लिए ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को शहरों की ओर जाना पड़ता है। इससे उन्हें अपने घर-परिवार से दूर रहना पड़ता है और कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। मेरा सपना है कि शहर जैसी उच्च शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं गांव में ही उपलब्ध हों, ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को अपने क्षेत्र में ही आगे बढ़ने का अवसर मिले।

उन्होंने कहा कि खुशी है कि रामशरण राय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के माध्यम से यह सपना धीरे-धीरे साकार हो रहा है। वर्तमान में बिहार के 18 जिलों से छात्र-छात्राएं यहां आकर आवासीय परिसर में रहकर शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। यह संस्थान ग्रामीण क्षेत्र में उच्च शिक्षा की संभावनाओं को मजबूत कर रहा है। हमारा प्रयास है कि गांव के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिले, ताकि वे भी अपने सपनों को साकार कर सकें।

जन्मदिन पर दर्जनों पौधे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

जन्मदिन के अवसर पर संजय कुमार राय ने दर्जनों पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने अपने जन्मदिन को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने के अवसर के रूप में भी मनाया। पौधारोपण के माध्यम से उन्होंने हरियाली बढ़ाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण तैयार करने का संदेश दिया। उनका यह प्रयास समारोह के सामाजिक सरोकारों को और व्यापक बनाता नजर आया।

देर रात तक जमे रहे छात्र-छात्राएं, साहित्य के प्रति दिखा उत्साह

कवि सम्मेलन की खास बात यह रही कि इसमें युवाओं और विद्यार्थियों की बड़ी भागीदारी रही। कवियों की प्रस्तुतियों के दौरान छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण प्रतिक्रिया देखने को मिली। हास्य कविता पर ठहाके लगे, गीतों पर तालियां बजीं और भावुक रचनाओं ने श्रोताओं को संवेदनशील बना दिया। देर रात तक पूरा परिसर दर्शकों से भरा रहा। लोगों ने एकाग्रता के साथ कवियों की रचनाओं का आनंद लिया।

इस तरह संजय कुमार राय का जन्मदिन व्यक्तिगत आयोजन से आगे बढ़कर साहित्य, संस्कृति, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता का उत्सव बन गया। जंदाहा की धरती पर आयोजित इस अखिल भारतीय कवि सम्मेलन ने यह संदेश दिया कि साहित्य समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है।

हाजीपुर (वैशाली) से संतोष कुमार सिंह की रिपोर्ट 

Trending News

'स्कूल की दीवार पर दिल बनाने वाले लड़के' अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में देश के नामचीन कवियों ने अपनी रचनाओं से बांधा समां
'स्कूल की दीवार पर दिल बनाने वाले लड़के' अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में देश के नामचीन कवियों ने अपनी रचनाओं से बांधा समां
Nov 22, 2026, 6:12:00 PM
यूपी चुनाव से पहले धार्मिक कथाएं बनीं सियासी प्रचार का हथियार, बीजेपी के बाद सपा का बड़ा दांव
यूपी चुनाव से पहले धार्मिक कथाएं बनीं सियासी प्रचार का हथियार, बीजेपी के बाद सपा का बड़ा दांव
Nov 22, 2026, 5:55:00 PM
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह पहुंचे भारत, पीएम मोदी से होगी अहम बातचीत
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह पहुंचे भारत, पीएम मोदी से होगी अहम बातचीत
Nov 22, 2026, 5:36:00 PM
बिहार के बालू माफियाओं का पाकिस्तान कनेक्शन! यूपी में पकड़ाए हथियार तस्कर ने उगला राज
बिहार के बालू माफियाओं का पाकिस्तान कनेक्शन! यूपी में पकड़ाए हथियार तस्कर ने उगला राज
Nov 22, 2026, 5:19:00 PM
तीन दिवसीय निशुल्क रियल हैंड्स ऑन ट्रेनिंग संपन्न, PMCH-NMCH के रेजिडेंट ने लिया हिस्सा
तीन दिवसीय निशुल्क रियल हैंड्स ऑन ट्रेनिंग संपन्न, PMCH-NMCH के रेजिडेंट ने लिया हिस्सा
Nov 22, 2026, 5:07:00 PM
26वें विधानसभा स्थापना दिवस पर विधायक निरल पूर्ति को मिला उत्कृष्ट विधायक सम्मान, राज्यपाल ने किया सम्मानित
26वें विधानसभा स्थापना दिवस पर विधायक निरल पूर्ति को मिला उत्कृष्ट विधायक सम्मान, राज्यपाल ने किया सम्मानित
Nov 22, 2026, 4:51:00 PM
पांच छात्राओं को बिना अनुमति राजगीर भ्रमण पर ले जाने वाले शिक्षक गिरफ्तार, आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप
पांच छात्राओं को बिना अनुमति राजगीर भ्रमण पर ले जाने वाले शिक्षक गिरफ्तार, आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप
Nov 22, 2026, 4:40:00 PM
16 लाख की धोखाधड़ी पर सियासी घमासान, झामुमो नेता ने दी एससी एसटी केस करने की धमकी
16 लाख की धोखाधड़ी पर सियासी घमासान, झामुमो नेता ने दी एससी एसटी केस करने की धमकी
Nov 22, 2026, 3:53:00 PM
आज से महंगी हो गईं कारें, मारुति सुजुकी इंडिया ने फिर बढ़ाए दाम
आज से महंगी हो गईं कारें, मारुति सुजुकी इंडिया ने फिर बढ़ाए दाम
Nov 22, 2026, 3:36:00 PM
अतिपिछड़ों का आरक्षण 20 से बढ़ाकर 38 प्रतिशत करने की मांग, 24 नवंबर से निकलेगी पदयात्रा
अतिपिछड़ों का आरक्षण 20 से बढ़ाकर 38 प्रतिशत करने की मांग, 24 नवंबर से निकलेगी पदयात्रा
Nov 22, 2026, 3:21:00 PM