पांच छात्राओं को बिना अनुमति राजगीर भ्रमण पर ले जाने वाले शिक्षक गिरफ्तार, आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप
गोपालगंज जिले में एक विद्यालय की पांच छात्राओं को प्रधानाध्यापक की अनुमति के बिना राजगीर भ्रमण पर ले जाने और इस दौरान शिक्षक एवं छात्राओं से संबंधित अमर्यादित व आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।

गोपालगंज जिले में एक विद्यालय की पांच छात्राओं को प्रधानाध्यापक की अनुमति के बिना राजगीर भ्रमण पर ले जाने और इस दौरान शिक्षक एवं छात्राओं से संबंधित अमर्यादित व आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में संलिप्तता के आरोप में संबंधित शिक्षक एहसान अख्तर को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के सामने आने के बाद शिक्षा जगत में भी चर्चा तेज हो गई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से रविवार, 22 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 20 नवंबर 2026 को गोपालगंज जिले के एक विद्यालय में कार्यरत शिक्षक द्वारा विद्यालय की पांच छात्राओं को प्रधानाध्यापक की अनुमति के बिना राजगीर भ्रमण पर ले जाने का मामला सामने आया था। भ्रमण के दौरान शिक्षक एवं छात्राओं से संबंधित एक अमर्यादित और आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने की सूचना पुलिस को मिली। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया।
प्रधानाध्यापक के आवेदन पर दर्ज हुई प्राथमिकी
इस मामले में विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर उचकागांव थाना में कांड संख्या 434/26, दिनांक 20 नवंबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। चूंकि मामला छात्राओं की सुरक्षा और सोशल मीडिया पर प्रसारित आपत्तिजनक वीडियो से जुड़ा था, इसलिए पुलिस अधीक्षक ने त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, गोपालगंज के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हथुआ एवं थानाध्यक्ष, उचकागांव के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) को भी शामिल किया गया। गठित टीम को वायरल वीडियो की सत्यता की जांच करने और मामले में शामिल संबंधित व्यक्ति की पहचान कर कार्रवाई करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों से हुई शिक्षक की पहचान
पुलिस की विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो की जांच और सत्यापन किया। जांच के दौरान वीडियो के आधार पर संबंधित शिक्षक की पहचान एहसान अख्तर के रूप में सुनिश्चित की गई। इसके बाद विशेष टीम ने छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अभियुक्त से विधिवत पूछताछ की। पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने इस मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इसके बाद उनके विरुद्ध अग्रतर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है तथा उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। गिरफ्तार शिक्षक की पहचान एहसान अख्तर, पिता मंसूर आलम, थाना बड़हरिया, जिला सिवान के रूप में हुई है।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट














