MLC चुनाव से पहले शराब माफिया पर पुलिस का बड़ा प्रहार, कपड़ा व कंबल गोदाम से 210 कार्टन विदेशी शराब बरामद
बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर अवैध कारोबार को अंजाम देने में जुटे हैं। ताजा मामला वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र से सामने आया है।

वैशाली : बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर अवैध कारोबार को अंजाम देने में जुटे हैं। ताजा मामला वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां पुलिस ने एक कंबल गोदाम में छापेमारी कर विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। गोदाम से करीब 210 कार्टन विदेशी शराब, जिसकी कुल मात्रा लगभग 1814 लीटर बताई जा रही है, जब्त की गई है। इसके अलावा करीब 50 बोरा कंबल भी बरामद हुआ है। एमएलसी चुनाव से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई को शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। एसएसपी शुभांक मिश्रा के निर्देश पर सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
कंबल और कपड़ों की आड़ में शराब का कारोबार
मामला बिदुपुर थाना क्षेत्र के चकबिहारी गांव स्थित कलटू चौक का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां किराए पर चल रहे एक कपड़े के गोदाम में भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। गोदाम खुलवाकर तलाशी ली गई तो वहां कंबलों से भरे बोरों के बीच शराब की बड़ी खेप मिली। पुलिस के मुताबिक, शराब को बोरों में लपेटकर रखा गया था, जबकि गोदाम में करीब 50 बोरा कंबल भी मौजूद था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कपड़ों और कंबलों की आड़ में शराब को स्टॉक किया जा रहा था, ताकि किसी को शक न हो।
मकान मालिक और किराएदार फरार
पुलिस के अनुसार, जिस मकान में शराब बरामद हुई, वह पन्नालाल राय का बताया जा रहा है। गोदाम को राजापाकर थाना क्षेत्र के बखरी निवासी पप्पू नाम के व्यक्ति ने किराए पर लिया था। छापेमारी के बाद मकान मालिक और किराएदार दोनों फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। अब जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी, इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था और इस अवैध कारोबार में स्थानीय स्तर पर कौन-कौन लोग मदद कर रहे थे।
कूरियर पैकेजिंग जैसा था बोरा, लेकिन नहीं मिला कोई बिल्टी या ठप्पा
सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि शराब से भरे बोरों की पैकिंग कूरियर के सामान जैसी थी, लेकिन मौके से किसी कूरियर कंपनी की बिल्टी या ठप्पा नहीं मिला है। ऐसे में फिलहाल पुलिस का मानना है कि शराब को किसी वाहन के जरिए लाकर गोदाम में स्टॉक किया गया होगा। हालांकि, शराब के परिवहन और आपूर्ति से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
MLC चुनाव को लेकर पुलिस अलर्ट
एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि 23 अक्टूबर को होने वाले स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस लगातार सूचनाओं का सत्यापन कर छापेमारी कर रही है। इसी क्रम में गुरुवार दोपहर गोदाम में शराब छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई की। फिलहाल पुलिस शराब की खेप के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और स्थानीय मददगारों की पहचान करने में जुटी है। फरार मकान मालिक और किराएदार को पकड़ने के लिए प्रयास जारी हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों से पूछताछ के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वैशाली से संतोष कुमार सिंह की रिपोर्ट













