सराय हत्याकांड में बड़ा खुलासा, पोखर में मिला विवेक का शव, इलाके में मचा हड़कंप

वैशाली : बिहार के वैशाली जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। सराय थाना क्षेत्र के प्रबोधी गांव स्थित पोखर से विवेक उर्फ टिंकू का शव बरामद किया गया है। शव मिलने की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से पुलिस टिंकू की तलाश में जुटी हुई थी। परिजनों की ओर से आरोप लगाया गया था कि टिंकू को घर से बुलाकर उसकी हत्या कर दी गई और वारदात के बाद शव को गायब कर दिया गया।
अपराधियों ने टिंकू को बैक टू बैक तीन गोलियां मारी थी
आरोप के मुताबिक, अपराधियों ने टिंकू को बैक टू बैक तीन गोलियां मारी थी। हत्या के बाद शव का कोई सुराग नहीं मिलने से मामले का रहस्य और गहरा गया था। अब प्रबोधी गांव के पोखर से टिंकू का शव बरामद होने के बाद पूरे मामले में नया मोड़ आ गया है। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे हुए हैं। ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं, एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया में है।
शव की हालत काफी क्षत-विक्षत बताई जा रही है
शव की हालत काफी क्षत-विक्षत बताई जा रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर टिंकू की हत्या किसने की? हत्या के बाद शव को पोखर में कब और कैसे ठिकाने लगाया गया? और इस पूरी वारदात में कौन-कौन शामिल हैं? फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शव मिलने के बाद अब इस हत्याकांड की जांच में कई अहम सुराग सामने आने की उम्मीद है।
वैशाली से संतोष कुमार सिंह की रिपोर्ट













