विद्यालय पहुंचने की जल्दबाजी बनी काल, प्रोजेक्ट हाईस्कूल वैशाली के शिक्षक की सड़क हादसे में मौत
वैशाली से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। प्रोजेक्ट हाईस्कूल, वैशाली के कंप्यूटर शिक्षक अमरेंद्र कुमार की सड़क दुर्घटना में असामयिक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हाजीपुर से विद्यालय जाने के क्रम में लालगंज के पोझिया के पास सड़क हादसे का शिकार हो गए।

हाजीपुर (वैशाली) : वैशाली से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। प्रोजेक्ट हाईस्कूल, वैशाली के कंप्यूटर शिक्षक अमरेंद्र कुमार की सड़क दुर्घटना में असामयिक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वे हाजीपुर से विद्यालय जाने के क्रम में लालगंज के पोझिया के पास सड़क हादसे का शिकार हो गए। अमरेंद्र कुमार मूल रूप से पूर्वी चंपारण के रहने वाले थे।
निधन की खबर से शिक्षक समुदाय में शोक की लहर है
उनके निधन की खबर से शिक्षक समुदाय में शोक की लहर है। एक शिक्षक का इस तरह अचानक दुनिया से चले जाना न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि उनके सहकर्मियों और विद्यार्थियों के लिए भी अपूरणीय क्षति है। इस दुखद घटना के बीच शिक्षकों के लिए एक गंभीर संदेश भी सामने आया है। विद्यालय समय पर पहुंचने की जल्दबाजी, हाजिरी और अन्य प्रशासनिक दबावों के बीच सड़क पर जोखिम उठाना कभी भी उचित नहीं है।
एक दिन की हाजिरी कट जाना या विद्यालय पहुंचने में देर हो जाना, किसी की जिंदगी से बड़ा नहीं हो सकता
आपको बता दें कि एक दिन की हाजिरी कट जाना या विद्यालय पहुंचने में देर हो जाना, किसी की जिंदगी से बड़ा नहीं हो सकता। सड़क पर सावधानी और धैर्य ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। नौकरी और जिम्मेदारियां अपनी जगह हैं, लेकिन जीवन सबसे अनमोल है। दिवंगत शिक्षक अमरेंद्र कुमार को विनम्र श्रद्धांजलि। ईश्वर उनके परिजनों को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करें।
वैशाली से संतोष कुमार सिंह की रिपोर्ट














