तेज रफ्तार अपाचे बाइक ने साइकिल में मारी जोरदार टक्कर, महिला की मौत
सिवान जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र से गुजरने वाले एनएच 331 पर रामपुर बाजार के समीप गुरुवार देर शाम करीब 5 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सहजीतपुर की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार अपाचे बाइक अनियंत्रित होकर एक साइकिल से जा टकराई।

सिवान जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र से गुजरने वाले एनएच 331 पर रामपुर बाजार के समीप गुरुवार देर शाम करीब 5 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सहजीतपुर की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार अपाचे बाइक अनियंत्रित होकर एक साइकिल से जा टकराई। इस जोरदार टक्कर में साइकिल सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसकी बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान सलमा खातून के रूप में हुई है। घटना के वक्त वह अपने देवर कमरुद्दीन के साथ साइकिल पर बैठकर बाजार जा रही थी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि सलमा और कमरुद्दीन के साथ-साथ अपाचे बाइक चालक विशाल कुमार को भी गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को भगवानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां इलाज के क्रम में सलमा खातून ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर हाट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सिवान भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बाइक चालक विशाल कुमार को हिरासत में ले लिया है और बाइक जब्त कर ली है।
जांच में यह बात सामने आई है कि विशाल के पास न तो कोई ड्राइविंग लाइसेंस है और न ही बाइक के कोई वैध कागजात मौजूद हैं। दूसरी ओर, इस मामले में यह भी चर्चा है कि कुछ स्थानीय लोग सामाजिक स्तर पर पंचायत कर इस मामले को सुलझाने और रफा-दफा करने के प्रयास में लगे हुए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की कानूनी तौर पर विस्तृत जांच कर रही है।
सिवान से नागेंद्र कुमार की रिपोर्ट





















