आरोप साबित करें प्रशांत किशोर नहीं तो करेंगे मानहानि का केस: भरत तिवारी की मां
भरत तिवारी की मां आशा देवी ने बांकीपुर के नव निर्वाचित विधायक सह जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर के बारे में दो टूक बातें कही है।

भरत तिवारी की मां आशा देवी ने बांकीपुर के नव निर्वाचित विधायक सह जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर के बारे में दो टूक बातें कही है। आशा देवी ने कहा कि कहा जा रहा है कि उनको बिहार सरकार से पैसे मिले हैं। अपनी बात को प्रशांत किशोर साबित करें नहीं तो मानहानि का मामला दर्ज कराया जाएगा।
दरअसल आरा में मीडिया से बातें करते हुए आशा देवी ने कहा कि सीएम सम्राट चौधरी से मेरी मुलाकात इंसाफ मांगने को लेकर थी। लेकिन प्रशांत किशोर बदनाम कर रहे हैं कि मुझे 50 लाख रूपये मिले हैं। मुझे एक पैसे नहीं मिले हैं। अगर पैसे मिले होते तो क्या सरकार नहीं जानती? हमारे परिजन, परिचित नहीं जानते? चेक कट के आता है। आशा देवी ने कहा कि वो एक मां को तकलीफ दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं अपना बैंक का खाता सार्वजनिक करने को तैयार हूं लेकिन अगर प्रशांत किशोर की बातें झूठी निकली तो वे क्या करेंगे? फिर मैं उनके ऊपर मानहानि का केस करूंगी। उन्होंने कहा कि मैं प्रशांत किशोर से कहना चाहती हूं कि वो मेरे बारे में किसी भी प्रकार का अफवाह न उडायें। मेरे बारे में गलत नहीं बोले, नहीं तो उनके ऊपर मानहानि का मामला दर्ज किया जाएगा।ज्ञात हो कि भरत तिवारी के परिजनों ने चंद रोज पहले ही सीएम सम्राट चौधरी से मुलाकात की थी। यह मुलाकात राजधानी में ही हुई थी।
जानकारी के अनुसार प्रशांत किशोर ने एक इंटरव्यू में भाजपा सांसद मनोज तिवारी पर आरोप लगाया था कि उन्होंने न्याय दिलाने के नाम पर परिवार को गुमराह किया और समझौते के तहत परिवार को सरकार की ओर से 50 लाख रुपए दिए गए। विदित हो कि आरा के बिलौटी गांव में भरत तिवारी का कथित तौर पर आत्मसर्मपण करने के बाद गोली मार देने की खबर सामने आयी थी। इस घटना को लेकर पूरे देश से प्रतिक्रिया देखने को मिली थी। गोली मारने का आरोप पुलिस पर लगा था। कई दिनों तक यह घटना सुर्खियों में बनी रही। इस घटना की जांच चल रही है। अब इसी बीच में यह खबर सामने आने के बाद भरत तिवारी मामले में माहौल फिर गर्म हो गया है।
ब्यूरो रिपार्ट





















