लूट और ठगी की बड़ी साजिश का खुलासा, हथियार के साथ पांच गिरफ्तार
सीवान से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पुलिस ने लूट और ठगी की बड़ी साजिश का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सभी आरोपी धनतेरस के मौके पर हथियार के बल पर किसी बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।

सीवान: सीवान से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पुलिस ने लूट और ठगी की बड़ी साजिश का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सभी आरोपी धनतेरस के मौके पर हथियार के बल पर किसी बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
गुप्त सूचना के आधार पर नगर थाना पुलिस ने धर्मनिवास लॉज में छापेमारी कर पांचों को दबोच लिया। इनके पास से एक देसी पिस्टल, छह जिंदा कारतूस समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और बैंकिंग से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं। इसकी जानकारी सदर एसडीपीओ प्रांजल ने प्रेसवार्ता कर दी है।
बताया जा रहा है कि नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लक्ष्मीपुर काली मंदिर के पास स्थित धर्मनिवास लॉज के तीसरे तल पर कमरा नंबर 33 में कुछ लोग हथियार के साथ जुटे हुए हैं और धनतेरस के अवसर पर बड़ी लूट की घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने लॉज में छापेमारी की और मौके से पांच संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितेश कुमार यादव, रिकेश कुमार यादव, जन्नत हुसैन, पवन कुमार चौहान और अभिषेक कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। सभी आरोपी सीवान जिले के नौतन थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक देसी पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, चार बैंक पासबुक, आठ एटीएम कार्ड, एक लैपटॉप, प्रिंटर, फिंगरप्रिंट स्कैनर, की-बोर्ड, माउस और पांच मोबाइल फोन समेत कई सामान बरामद किए हैं।
पुलिस की पूछताछ में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। आरोपी रिकेश कुमार यादव पहले सीएसपी संचालित करता था। आरोप है कि वह भोले-भाले लोगों को विश्वास में लेकर उनके नाम पर फर्जी बैंक खाते खुलवाता था। इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी से प्राप्त रकम मंगाने और लूट की घटनाओं के बाद पैसे जमा करने के लिए किया जाता था। इस काम में पवन कुमार चौहान भी सहयोग करता था और अवैध गतिविधियों से होने वाले मुनाफे को आपस में बांटा जाता था।
वहीं, जिरादेई थाना क्षेत्र में 7 अक्टूबर को सीएसपी संचालक से हुई लूट की घटना में भी पुलिस को अहम कामयाबी मिली है। इस मामले में गिरफ्तार नितेश कुमार यादव ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। लूट से संबंधित 30 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं।
फिलहाल नगर थाना पुलिस, जिरादेई पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में पांचों आरोपियों की गिरफ्तारी को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।
सीवान से नागेन्द्र कुमार की रिपोर्ट











