रून्नीसैदपुर में सात महीने पहले घर आई थी दुल्हन, पति ने पीट-पीटकर मार डाला
सीतामढ़ी जिले के रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के खड़का वार्ड संख्या-4 में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सात महीने पहले प्रेम विवाह कर पति के साथ रहने आई इस युवती का शव मंगलवार को घर के कमरे से बरामद हुआ।
घटना के बाद से उसका पति मोहम्मद सगीर राइन उर्फ टुन्ना फरार है। मृतका की पहचान पूर्णिया जिले के बोचगांव निवासी मुख्तार आलम की पुत्री बीवी शबनम के रूप में हुई है। उसने सात महीने पहले खड़का निवासी मोहम्मद किफायत के पुत्र मोहम्मद सगीर राइन उर्फ टुन्ना के साथ घर से भागकर प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों खड़का स्थित अपने घर में अकेले रह रहे थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना से एक दिन पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद मंगलवार को शबनम का शव घर के अंदर कमरे से मिला।सूचना मिलते ही रुन्नीसैदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सीतामढ़ी भेज दिया। मृतका के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है, हालांकि वे खबर लिखे जाने तक सीतामढ़ी नहीं पहुंच सके थे।
इस बीच, गांव में यह भी चर्चा है कि मोहम्मद सगीर राइन की यह पांचवीं शादी थी। हालांकि, पुलिस ने इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।रुन्नीसैदपुर थानाध्यक्ष ललित कुमार ने बताया कि स्थानीय लोगों से आरोपी की पांचवीं शादी होने की जानकारी मिल रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि आरोपी पति घटना के बाद से फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।
सीतामढ़ी से सरोज कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
Trending News