टेंपो और बोलेरो में भीषण टक्कर, छुट्टी पर घर आए CRPF जवान की मौत, पत्नी समेत 6 घायल
रोहतास जिले के तिलौथू थाना क्षेत्र अंतर्गत निमियाडीह गांव के समीप शनिवार की दोपहर सड़क दुर्घटना में एक सीआरपीएफ जवान की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में सीआरपीएफ जवान की पत्नी समेत टेंपो सवार छह अन्य लोग भी घायल हैं।

सासाराम। रोहतास जिले के तिलौथू थाना क्षेत्र अंतर्गत निमियाडीह गांव के समीप शनिवार की दोपहर सड़क दुर्घटना में एक सीआरपीएफ जवान की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में सीआरपीएफ जवान की पत्नी समेत टेंपो सवार छह अन्य लोग भी घायल हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान काराकाट थाना क्षेत्र के डिहरा गांव निवासी भिखारी ठाकुर के लगभग 40 वर्षीय पुत्र कंचन ठाकुर के रूप में हुई है।
तुतला भवानी धाम से लौटने के दौरान हादसा
बताया जाता है कि छुट्टी पर घर आए सीआरपीएफ जवान शनिवार की सुबह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ तिलौथू स्थित मां तुतला भवानी धाम में दर्शन पूजन के लिए गए थे। यहां दर्शन पूजन के बाद दोपहर में वे अपने परिवार के साथ लौट रहे थे, तभी हादसे का शिकार हो गए। इस दुर्घटना में जवान की पत्नी समेत 6 वर्षीय एक पुत्र और चार वर्षीय एक पुत्री व अन्य घायल हैं, जिनका फिलहाल इलाज चल रहा है।
टेंपो और बोलेरो में जोरदार भिड़ंत
हादसे के संदर्भ में बताया जाता है कि तिलौथू से सासाराम की तरफ आ रही टेंपो निमियाडीह गांव के टेढ़का मोड़ के समीप विपरीत दिशा से आ रही एक अनियंत्रित बोलेरो से बुरी तरह टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो हवा में उछल के बाद सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया और घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
वहीं हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों की मदद से टेंपो सवार सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां जांच के दौरान चिकित्सकों ने घायल सीआरपीएफ जवान को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है और आगे की प्रक्रिया चल रही है।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट











