ब्रेजा कार से 172.8 लीटर विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
आरा: मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने शनिवार को बिहारी मिल ओवरब्रिज के पास वाहन जांच के दौरान मारुति सुजुकी ब्रेजा कार से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की. इस दौरान कार सवार दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया.

आरा: मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने शनिवार को बिहारी मिल ओवरब्रिज के पास वाहन जांच के दौरान मारुति सुजुकी ब्रेजा कार से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की. इस दौरान कार सवार दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया. बरामद शराब की कुल मात्रा 172.800 लीटर है, जिसकी बाजार कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गयी है.
जानकारी के अनुसार, जिला पदाधिकारी भोजपुर के आदेश पर जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में सहायक आयुक्त मद्यनिषेध रजनीश को गुप्त सूचना मिली कि भारी मात्रा में विदेशी शराब बिहार लायी जा रही है. सूचना के आधार पर सहायक आयुक्त ने निरीक्षक प्रकाश चंद्र के नेतृत्व में टीम गठित की.
शनिवार, 24 अक्टूबर को वाहन जांच के दौरान आरा नवादा थाना क्षेत्र के बिहारी मिल ओवरब्रिज के पास एक मारुति सुजुकी ब्रेजा कार (बीआर01ईएस-3135) को रोककर तलाशी ली गयी. कार से ऑफिसर्स च्वाइस व्हिस्की की 180 एमएल वाली 960 बोतलें बरामद की गयीं. कुल 172.800 लीटर शराब जब्त की गयी.
पंजाब और वैशाली के रहनेवाले हैं गिरफ्तार तस्कर
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पंजाब के जालंधर जिले के नकोदर थाना क्षेत्र निवासी योगेश जसल, पिता विजय कुमार जसल और वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर निवासी सोनू कुमार, पिता राजा राय के रूप में की गयी है. दोनों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई के लिए न्यायालय में सुपुर्द कर दिया गया.
छापेमारी दल में निरीक्षक प्रकाश चंद्र, अवर निरीक्षक शिवम कुमार झा, सहायक अवर निरीक्षक राजकुमार राजा के अलावा मद्यनिषेध सिपाही, सैप और होमगार्ड के जवान शामिल थे. विभाग ने बताया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी और वाहन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा.
आरा से दीपक गुप्ता की रिपोर्ट













