रोहतास को 412.9 करोड़ की योजनाओं की सौगात, CM सम्राट बोले-2030 तक बिहार से खत्म होगा पलायन
मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार रोहतास पहुंचे सम्राट चौधरी ने जिले को कुल 412.9 करोड़ की योजनाओं की सौगात दी है। सीएम ने कहा-अब बिहार का कोई भी गरीब आदमी 2030 के बाद रोजगार के लिए प्रदेश से बाहर नहीं जाएगा।

सासाराम। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार रोहतास पहुंचे सम्राट चौधरी ने जिले को कुल 412.9 करोड़ की योजनाओं की सौगात दी है। सीएम ने रोहतास को पर्यटन हब के रूप में विकसित करने एवं जिले में एयरपोर्ट निर्माण की भी घोषणा की है। कार्यक्रम के दौरान मंच पर राज्यसभा सांसद उपेन्द्र कुशवाहा, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, मंत्री अशोक चौधरी, विधायक सुशील पांडेय, सासाराम विधायक स्नेहलता कुशवाहा, चेनारी विधायक मुरारी प्रसाद गौतम, दिनारा विधायक आलोक सिंह, डेहरी विधायक सोनू सिंह, विधायक वशिष्ठ सिंह आदि मौजूद रहे।
सेवा सेतु अभियान एवं सहयोग शिविर
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय करूप में आयोजित सेवा सेतु अभियान एवं सहयोग शिविर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित राष्ट्र के संकल्प और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को पूरा करने के लिए हमारी सरकार महीने में दो बार सहयोग शिविर आयोजित कर रही है। सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों को 10 दिनों के अंदर निपटारा किया जा रहा है, जबकि लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नोटिस भेजने के साथ-साथ निलंबन की कार्रवाई भी हो रही है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से अभी तक 13 हजार लोगों को पहला नोटिस, 9 हजार लोगों को दूसरा नोटिस और मात्र छः सौ लोगों को तीसरा नोटिस भेजा गया है। अगर 30 दिनों के अंदर आवेदन का निपटारा नहीं होता है, तो संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई होगी।
महिलाओं के हाथ मजबूत
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले महिलाओं के हाथ में 5 हजार करोड़ का भी व्यवसाय नहीं था, लेकिन आज एक लाख 36 हजार करोड़ का मार्केट महिलाओं के हाथ में है। 50 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाया गया है और 40 लाख महिलाओं को पशु सखी के तौर पर स्थापित करने का संकल्प लिया गया है। वहीं प्रदेश में महिलाओं को सुरक्षा देने एवं शिक्षण संस्थानों के आसपास बेटी बहन के लिए सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस दीदी को भी जिम्मेदारी दी गई है।
कांग्रेस को साधा निशाना
अपने संबोधन के दौरान सम्राट चौधरी ने बिना नाम लिए कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लगभग 60 वर्षों तक राज करने वाली पार्टी ने बिहार के गरीबों को 50 लाख भी इंदिरा आवास नहीं दिए गये, लेकिन नरेंद्र मोदी ने इतने कम समय में बिहार के 62 लाख लोगों को पक्का आवास देने का काम किया। इसके अलावा एनडीए सरकार ने लोगों के घरों में शुद्ध पेयजल एवं हर घर बिजली पहुंचाने का भी काम किया है।
2030 तक पलायन बंद करना लक्ष्य
बिहार से मजदूरों के पलायन पर सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रदेश में रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए देश-विदेश से लोगों को बुलाकर अभियान चलाया जा रहा है। बिहार से प्रतिवर्ष 12 लाख लोग पलायन करते हैं, जिन्हें रोकने के लिए अगले 5 वर्षों में एक करोड़ लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। अब बिहार का कोई भी गरीब आदमी 2030 के बाद रोजगार के लिए प्रदेश से बाहर नहीं जाएगा।
125 योजनाओं का उद्घाटन, 52 योजनाओं का शिलान्यास
रोहतास दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जिले में कुल 125 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जबकि 52 योजनाओं की आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री द्वारा सासाराम बाईपास सड़क के उद्घाटन करने के बाद अब शहर को जाम की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट













