लघु सिंचाई प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता पर ईओयू की बड़ी कार्रवाई, रोहतास स्थित दो ठिकानों पर छापेमारी
आय से अधिक संपत्ति मामले में लघु सिंचाई प्रमंडल सासाराम के कार्यपालक अभियंता अरविन्द कुमार चौधरी पर आर्थिक अपराध इकाई ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की है। ईओयू की टीम ने रोहतास जिला स्थित कार्यपालक अभियंता के दो ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है।

सासाराम। आय से अधिक संपत्ति मामले में लघु सिंचाई प्रमंडल सासाराम के कार्यपालक अभियंता अरविन्द कुमार चौधरी पर आर्थिक अपराध इकाई ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की है। ईओयू की टीम ने रोहतास जिला स्थित कार्यपालक अभियंता के दो ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। पहली कार्रवाई सासाराम के बेदा स्थित लघु सिंचाई प्रमंडल के कार्यालय पर हुई, जबकि दूसरी कार्रवाई डेहरी स्थित आवास पर की गई।
ईओयू की कार्रवाई से हड़कंप
दरअसल आर्थिक अपराध इकाई के अचानक हुई इस कार्रवाई से लघु सिंचाई विभाग समेत सभी प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। विभाग के कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों के फोन बंद आने लगे, वहीं जांच को लेकर कई लोग सहमे रहे। इस दौरान दोनों जगहों पर काफी गहमागहमी देखी गई।
आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप
कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार चौधरी पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अरविन्द कुमार चौधरी के विरूद्ध आय से अधिक सम्पति को लेकर आर्थिक अपराध इकाई में शिकायत दर्ज कराई गई थी। जिसके बाद ईओयू ने निगरानी की विशेष अदालत से जांच वारंट प्राप्त कर इनके खिलाफ कार्रवाई की।
आय से 85% अधिक संपत्ति अर्जित
बताया जाता है कि कार्यपालक अभियंता श्री चौधरी ने लगभग एक करोड़ 20 लाख की संपत्ति अर्जित की है, जो इनकी आय से लगभग 85 प्रतिशत अधिक है। ईओयू ने कार्यपालक अभियंता के सासाराम और डेहरी समेत कुल छः ठिकानों पर एक साथ छापेमारी किया है। श्री चौधरी बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत पीपराडीह गांव के मूल निवासी हैं और फिलहाल सासाराम स्थित लघु सिंचाई प्रमंडल में कार्यपालक अभियंता के पद पर कार्यरत हैं।
छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
मामले में निगरानी डीएसपी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि आय से अधिक संपत्ति मामले में कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार चौधरी के सासाराम, डेहरी, पटना, दानापुर, मुजफ्फरपुर एवं बांका में एक साथ छापेमारी की गई है। उन्होंने बताया कि कार्यालय से कुछ दस्तावेज हाथ लगे हैं और सभी जगहों पर तलाशी पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट













