दो बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत, एक शिक्षक की मौत
रोहतास जिले के आरा सासाराम पथ पर मंगलवार को सड़क दुर्घटना में एक शिक्षक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बघैला थाना क्षेत्र के महुअरी गांव निवासी ललन प्रसाद सिंह के 42 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार सिंह के रूप में हुई है।

सासाराम। रोहतास जिले के आरा सासाराम पथ पर मंगलवार को सड़क दुर्घटना में एक शिक्षक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बघैला थाना क्षेत्र के महुअरी गांव निवासी ललन प्रसाद सिंह के 42 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो प्राथमिक विद्यालय जखनी के शिक्षक बताए जाते हैं।
प्रखंड कार्यालय जाने के दौरान हादसा
घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि बाइक सवार मुकेश कुमार सिंह मंगलवार को किसी कार्य के सिलसिले में अपने विद्यालय से नोखा स्थित प्रखंड कार्यालय जा रहे थे, तभी स्थानीय थाना क्षेत्र के आरा सासाराम पथ पर उनकी बाइक पेनार गांव के समीप सामने से आ रही एक दूसरी बाइक से टकरा गई और मुकेश कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल जाने के क्रम में मौत
हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल मुकेश कुमार सिंह को स्थानीय लोगों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नोखा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार घायल शिक्षक को इलाज के लिए वाराणसी ले जाया जा रहा था, लेकिन स्थिति बिगड़ता देख जब उन्हें सदर अस्पताल स्थित ट्रामा सेंटर लाया गया, तो जांच के क्रम में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम, परिवार में मातम
वहीं शिक्षक की मौत की सूचना मिलते हीं परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था। मामले में नोखा पुलिस के अनुसार सड़क दुर्घटना में मरे शिक्षक मुकेश कुमार सिंह के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है और कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट











