रोसड़ा पुलिस की गश्ती पर सवाल! एक ही रात में 27 लाख की चोरी, FSL टीम भी हुई फेल?
समस्तीपुर जिले के रोसड़ा प्रखंड क्षेत्र के चकथात पूरब पंचायत अंतर्गत उदयपुर गांव के वार्ड संख्या-16 में शुक्रवार की बीती रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है।

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के रोसड़ा प्रखंड क्षेत्र के चकथात पूरब पंचायत अंतर्गत उदयपुर गांव के वार्ड संख्या-16 में शुक्रवार की बीती रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। गांव निवासी रामयतन महतो के घर से चोरों ने करीब सात लाख रुपए नकद और लगभग 20 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 27 लाख रुपए है।
घटना रात करीब 11 बजे की है, परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सोने चले गए थे
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 11 बजे की है। परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सोने चले गए थे। इसी दौरान चोर पीछे के रास्ते से घर के आंगन में दाखिल हुए। इसके बाद पूजा घर का ताला तोड़कर वहां रखी गोदरेज से नकदी और आभूषण लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह रही कि चोरी के दौरान परिवार के किसी भी सदस्य को इसकी भनक तक नहीं लगी। कुछ देर बाद घर की बेटी ने घर में किसी अनजान व्यक्ति के मौजूद होने की आशंका जताते हुए शोर मचाया। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चोर फरार हो चुके थे। घटना की सूचना मिलने पर रोसड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाए जाने की बात कही जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
शादी की खुशियों के बीच परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस घटना ने परिवार की खुशियों को भी प्रभावित किया है। बताया जा रहा है कि रामयतन महतो के घर में कुछ ही दिनों बाद शादी होने वाली थी और फलदान की रस्म भी पूरी हो चुकी थी। ऐसे समय में घर में चोरी की इस बड़ी वारदात से परिवार के सामने आर्थिक और पारिवारिक परेशानियां खड़ी हो गई हैं। क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता देखी जा रही है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटना का जल्द उद्भेदन कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
समस्तीपुर से संतोष कुमार ठाकुर की रिपोर्ट













