तीन घंटे बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित, विभाग ने उपभोक्ताओं से की अपील
सहरसा-पंचगछिया रेलवे स्टेशन के बीच बंगाली बाजार से पूरब बाजार के बीच समपार संख्या-31 SPL Class पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण कार्य को लेकर शुक्रवार को शहर के टाउन-1 एवं टाउन-2 फीडर की विद्युत आपूर्ति करीब तीन घंटे बाधित रहेगी।

सहरसा। सहरसा-पंचगछिया रेलवे स्टेशन के बीच बंगाली बाजार से पूरब बाजार के बीच समपार संख्या-31 SPL Class पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण कार्य को लेकर 14 अगस्त 2026, शुक्रवार को शहर के टाउन-1 एवं टाउन-2 फीडर की विद्युत आपूर्ति करीब तीन घंटे बाधित रहेगी। आरओबी निर्माण कार्य के दौरान आवश्यक विद्युत कार्य किए जाने के कारण विभाग ने यह शटडाउन लेने का निर्णय लिया है।
विद्युत विभाग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार 14 अगस्त को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक टाउन-1 एवं टाउन-2 फीडर की विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। इस दौरान संबंधित फीडर से जुड़े विभिन्न शहरी क्षेत्रों में बिजली नहीं रहेगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए बिजली से जुड़े जरूरी कार्य पहले ही निपटा लें।
टाउन-1 फीडर से जुड़े शंकर चौक, दहलान चौक, महावीर चौक, कपड़ा पट्टी एवं डीबी रोड क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति प्रभावित रहेगी। वहीं टाउन-2 फीडर के अंतर्गत पूरब बाजार, प्रशांत सिनेमा, मीरा सिनेमा, राइस मिल कैंपस एवं कायस्थ टोला क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। आरओबी निर्माण का कार्य बंगाली बाजार से पूरब बाजार के बीच रेलवे समपार संख्या-31 पर किया जा रहा है। निर्माण कार्य के दौरान विद्युत व्यवस्था से संबंधित कार्यों को सुरक्षित तरीके से पूरा करने के लिए निर्धारित अवधि में बिजली आपूर्ति बंद रखी जाएगी।
विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है, ताकि निर्माण कार्य निर्धारित समय में सुचारु रूप से पूरा किया जा सके। इस संबंध में विद्युत कार्यपालक अभियंता, सहरसा अमित कुमार ने संबंधित क्षेत्र के उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि निर्धारित अवधि में विद्युत आपूर्ति बाधित रहने को देखते हुए आवश्यक तैयारी पहले से कर लें। उन्होंने उपभोक्ताओं से निर्माण कार्य में सहयोग करने तथा विभाग द्वारा निर्धारित समय के दौरान धैर्य बनाए रखने की अपील की है।
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट











