पुश्तैनी जमीन पर कब्जे का आरोप, SP के बाद वृद्ध महिला ने DIG से लगाई गुहार
सहरसा से बड़ी खबर है, जहां बलवाहाट थाना क्षेत्र के खोजूचक सोनपुरा वार्ड नंबर-1 की रहने वाली वृद्ध महिला रेखा देवी ने कुछ लोगों पर अपनी पुश्तैनी जमीन पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है।

सहरसा से बड़ी खबर है, जहां बलवाहाट थाना क्षेत्र के खोजूचक सोनपुरा वार्ड नंबर-1 की रहने वाली वृद्ध महिला रेखा देवी ने कुछ लोगों पर अपनी पुश्तैनी जमीन पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक, 9 सितंबर की सुबह कुछ लोग जमीन पर पहुंचे और उनकी पक्की दीवार तोड़कर उसी ईंट से घर बनाने का प्रयास किया।
विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। रेखा देवी का आरोप है कि मामले को लेकर बलवाहाट थाना और एसपी को आवेदन देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने डीआईजी को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपितों पर कार्रवाई और पुश्तैनी जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
डीआईजी को दिए आवेदन में रेखा देवी ने बताया कि उनके पति अक्सर बीमार रहते हैं, जबकि उनके सभी बच्चे प्रदेश में रहते हैं। उन्होंने बताया कि मौजा खोजूचक, थाना संख्या-63, पुराना खेसरा संख्या 254 एवं नया खेसरा संख्या 464 में कुल 17 डिसमिल जमीन है, जिस पर उनका घर और दरवाजा बना हुआ है। उक्त जमीन पर वह वर्षों से दखल-कब्जे में हैं।
आवेदन के अनुसार, बीते 9 सितंबर की सुबह करीब आठ बजे जोगिंदर मेहता, पंकज कुमार मेहता सहित कुछ अज्ञात लोग उनकी पक्की दीवार तोड़कर उसी ईंट से जमीन पर घर बनाने लगे। रेखा देवी ने जब इसका विरोध किया तो आरोपितों ने कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट करने के लिए दौड़े। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपितों ने दोबारा जमीन पर आने पर जान से मारने की धमकी भी दी। साथ ही उनके पति और बेटे को भी जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पीड़िता ने बताया कि मामले को लेकर वह बलवाहाट थानाध्यक्ष और पुलिस अधीक्षक को कई बार आवेदन दे चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त लोग लगातार उनके परिवार को मानसिक रूप से परेशान कर रहे हैं।
रेखा देवी ने डीआईजी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा उनकी जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है। उन्होंने बताया कि जमीन से संबंधित सभी वैध दस्तावेज आवेदन के साथ संलग्न किए गए हैं।
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट










