बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी अपने प्रवास कार्यक्रम के तहत मंगलवार को सहरसा पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। फूल-मालाओं और नारों के बीच आयोजित सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने संगठन की ताकत का मूल आधार कार्यकर्ताओं के समर्पण और उत्साह को बताया।
अपने संबोधन में सरावगी ने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि विचारधारा पर आधारित एक सशक्त संगठन है, जिसकी नींव समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत और त्याग पर टिकी है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि पार्टी आज वैश्विक स्तर पर सबसे बड़े राजनीतिक संगठन के रूप में स्थापित हो पाई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन, सेवा भावना और समर्पण को बनाए रखने का आह्वान किया।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा की कार्यशैली केवल चुनावों तक सीमित नहीं है, बल्कि पार्टी निरंतर राष्ट्र निर्माण और संगठन सुदृढ़ीकरण के लिए काम करती है। प्रवास कार्यक्रम को उन्होंने जनता और संगठन के बीच विश्वास कायम करने का माध्यम बताते हुए कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सरकार की योजनाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएं तथा बूथ स्तर पर लोगों से संवाद स्थापित करें।
बिहार के विकास को लेकर उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों में एनडीए सरकार ने सुशासन और न्याय के साथ राज्य को प्रगति की दिशा में आगे बढ़ाया है और विकसित बिहार का लक्ष्य उनकी प्राथमिकता है। कार्यक्रम के बाद सरावगी जिला कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने जिला कोर कमेटी की बैठक में भाग लिया और संगठनात्मक मुद्दों पर दिशा-निर्देश दिए।
अपने दौरे के दौरान उन्होंने सहरसा के बनगांव स्थित प्रसिद्ध ‘बाबा जी कुटीर’ में पूजा-अर्चना भी की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और बेहतर स्वास्थ्य की कामना की।
इस अवसर पर बलुआ चौक सहित विभिन्न स्थानों पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रदेश मंत्री एवं किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज सिंह, जिला अध्यक्ष साजन शर्मा, पंकज पाठक, नीरज गुप्ता समेत कई पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं, दरभंगा पूर्वी जिले के विभिन्न इलाकों में भी उनके स्वागत में कार्यक्रम आयोजित किए गए।