मुख्यमंत्री ने महादिलत बस्ती में मनाई दीपावली, लोगों से मिलकर दी शुभकामनाएं भेंट किए उपाहार
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आझ दीपावली के पावन अवसर पर दीघा-आशियाना रोड स्थित महालक्ष्मी देवी जी की प्रतिमा के समक्ष विधिवत पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आझ दीपावली के पावन अवसर पर दीघा-आशियाना रोड स्थित महालक्ष्मी देवी जी की प्रतिमा के समक्ष विधिवत पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां स्थित महादलित बस्ती में पहुंचकर स्थानीय निवासियों से मुलाकात की। उसके साथ दीपावली का पर्व मनाया, उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दी और उपाहार भेंट किए।
मुख्यमंत्री ने कहा- दीपावली के शुभ अवसर पर मैं समस्त बिहारवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली के शुभ अवसर पर मैं समस्त बिहारवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। मेरी कामना है कि बिहार समृद्धि के मार्ग पर और मजबूती के साथ आगे बढ़े व राज्य में सुख, शांति और खुशहाली का वातावरण कायम रहे। उन्होंने कहा कि मैंने बिहार के सभी जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों से विशेष आग्रह किया है कि वे आदिवासी, अनुसूचित जाति एवं अतिपिछड़े समाज के लोगों के बीच जाकर उनके साथ दीपावली का पर्व मनाएं। समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनना हम सभी का दायित्व है। त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी सार्थक होती है, जब समाज के सभी वर्गों के लोग इसमें समान रूप से सहभागी बनें।

मुख्यमंत्री ने कहा- प्रधानमंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार के एक करोड़ 92 लाख परिवारों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के एक करोड़ 92 लाख परिवारों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जो संपन्न उपभोक्ता स्वेच्छा से बिजली सब्सिडी का लाभ छोड़ना चाहते हैं, वे ऐसा कर सकते हैं। इसके लिए आगामी एक दिसंबर से विशेष अभियान चलाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित बिहार दौरे के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में एनडीए सरकार के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री बिहार आ रहे हैं। उनके आगमन पर राज्य को कई महत्वपूर्ण सौगातें मिलेंगी, जिससे बिहार के विकास को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा- प्रधानमंत्री हमेशा देश की सीमाओं पर तैनात जवानों के बीच जाकर दीपावली मनाते रहे हैं
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा देश की सीमाओं पर तैनात जवानों के बीच जाकर दीपावली मनाते रहे हैं। आज वे नक्सलवाद से मुक्त हो चुके बस्तर में जवानों के साथ दीपावली मना रहे हैं। यह देश के जवानों के प्रति उनके सम्मान और संवेदनशीलता को दर्शाता है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व देश की सीमाओं एवं आंतरिक सुरक्षा में तैनात सभी जवानों को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। इस अवसर पर विधायक संजीव चौरसिया, अन्य जन प्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।











