होली को लेकर पटना सहित पूरे बिहार में पुलिस अलर्ट पर है। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की है। साथ ही होली पर डीजे और अश्लील गाने बजाने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। इस बार हुड़दंग कर धार्मिक भावनाएं भड़काने, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने, बाइकर्स गैंग, सड़क पर रेसिंग करने वालों की होली जेल में कटेगी।
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर पंकज कुमार दाराद ने बताया कि होली पर बिहार में 12 कंपनी रेंज रिजर्व बल, 35 कंपनी बीसैप, 18822 नव नियुक्त सिपाही, 2768 ट्रेनी पीटीसी, 5100 होमगार्ड और 3 कंपनी केंद्रीय बलों की नियुक्ति हुई है। इनमें एक रैफ और दो एसएसबी की है। एक कंपनी पटना, एक मुजफ्फरपुर और एक दरभंगा में तैनात रहेगी। पटना में 3 कंपनी रेंज रिजर्व पुलिस बल, 3 कंपनी बीसैप, 535 सिपाही और 400 होमगार्ड तैनात रहेंगे। कहा कि होली को देखते हुए अब तक 1 लाख 72 हजार 537 लोगों पर कार्रवाई की गई है। इनमें धारा 126 के तहत शरारती या असामाजिक तत्वों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई और धारा 135 के अंतर्गत बॉन्ड भरवाया गया है। पूरे जिले में कंट्रोल रूम बनाया गया है। पुलिस मुख्यालय से 24 घंटे मॉनिटरिंग की जाएगी।
पटना जिले में 608 स्थानों पर मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस की तैनाती की गई है। किसी भी आपात स्थित से निपटने के लिए क्यूआरटी का गठन किया गया है। सभी थानाध्यक्षों को अलर्ट पर रखा गया है। डीएम डॉ. त्यागराजन ने यह निर्देश दिया है
होली में घर जा रहे हैं तो स्थानीय थाना को सूचना दें। आईजी जितेंद्र राणा ने कहा कि सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने इलाके में गश्ती बढ़ाने का आदेश दिया गया है। गली-मोहल्लों में भी पुलिस को गश्ती करनी है। घरों की निगरानी रखनी है। उन्होंने आम लोगों से घर में किसी परिचित को रखने, अपॉर्टमेंट में तैनात गार्ड को अनजान व्यक्ति को प्रवेश नहीं देने को कहा है।