LPG सिलेंडर बुकिंग के नियम में बड़ा बदलाव, 25 दिन बाद ही कर सकेंगे अगली रिफिल

मिडिल ईस्ट संकट के बीच सिलेंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए सरकार ने LPG बुकिंग का नियम सख्त कर दिया है.

LPG सिलेंडर बुकिंग के नियम में बड़ा बदलाव, 25 दिन बाद ही कर सकेंगे अगली रिफिल
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
: Mar 09, 2026, 8:20:00 PM

मिडिल ईस्ट संकट के बीच सिलेंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए सरकार ने LPG बुकिंग का नियम सख्त कर दिया है. अब एक रिफिल के बाद दूसरा सिलेंडर 25 दिन के अंतर पर ही बुक होगा. साथ ही, रिफाइनरियों को उत्पादन बढ़ाने और कमर्शियल के बजाय घरेलू सप्लाई को प्राथमिकता देने का आदेश दिया गया है.

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, यह देखा गया कि जो लोग पहले 55 दिनों में सिलेंडर बुक करते थे, वे डर के मारे अब 15-15 दिनों में ही बुकिंग करने लगे हैं. इस अफरा-तफरी और स्टॉक दबाने की आदत को रोकने के लिए बुकिंग का अंतर 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है. यानी अब आप एक सिलेंडर लेने के बाद 25 दिन से पहले दूसरी बुकिंग नहीं कर पाएंगे.

सरकार का मानना है कि वेटिंग पीरियड को 25 दिन करने से बेवजह की बुकिंग पर लगाम लगेगी। इससे उन लोगों को आसानी से सिलेंडर मिल सकेगा जिन्हें वाकई जरूरत है।

2 दिन पहले सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर 60 रुपए महंगा कर दिया है। दिल्ली में 14.2 किलोग्राम की LPG गैस अब 913 रुपए की मिल रही है। पहले यह 853 रुपए की थी। वहीं 19 किग्रा वाले कॉमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपए का इजाफा किया गया है। यह अब 1883 रुपए का मिल रहा है। बढ़ी हुई कीमतें 7 मार्च से लागू हो गई हैं।