गोपालगंज में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर स्वास्थ्य मंत्री से मिले शिक्षा मंत्री
गोपालगंज जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने को लेकर रविवार को शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से मुलाकात की।

पटना: गोपालगंज जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने को लेकर रविवार को शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों को स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष रखते हुए उनके शीघ्र समाधान का आग्रह किया। स्वास्थ्य मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया। साथ ही क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में शीघ्र पहल का आश्वासन दिया।
तिवारी ने ट्रॉमा सेंटर झांझवा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिधवलिया, बैकुंठपुर एवं बरौली सहित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (एपीएचसी) और स्वास्थ्य उपकेंद्रों में रिक्त पदों के अनुरूप पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों एवं आवश्यक स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति की मांग की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त चिकित्सकीय मानवबल की तैनाती जरूरी है।
उन्होंने क्षेत्र में एमआरआई-सीटी स्कैन एवं आधुनिक पैथोलॉजी जांच सुविधाओं के विस्तार का भी मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि गंभीर बीमारियों एवं आपात स्थिति में मरीजों को जांच के लिए दूसरे शहरों अथवा निजी संस्थानों पर निर्भर न रहना पड़े, इसके लिए सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में आधुनिक जांच सुविधाओं का विस्तार जरूरी है।
शिक्षा मंत्री ने गोपालगंज सदर अस्पताल के अलावा सिधवलिया, बैकुंठपुर एवं बरौली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी रेबीज वैक्सीन व एंटी स्नैक वेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने की भी मांग रखी। उन्होंने कहा कि कुत्ते, बंदर, सांप अथवा अन्य जानवरों के काटने की स्थिति में उपचार में देरी मरीज के लिए गंभीर हो सकती है। ऐसे में जीवनरक्षक वैक्सीन एवं दवाओं की स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त स्टॉक जरूरी है।
तिवारी ने कहा कि गोपालगंज के सर्वांगीण विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए उनका प्रयास जारी रहेगा। क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य बुनियादी सुविधा मुहैया कराने के लिए सरकार के स्तर पर हरसंभव पहल की जाएगी।










