बसंतपुर में शराब की बड़ी खेप बरामद, 15 लाख की विदेशी शराब और 3 लग्जरी गाड़ियों के साथ हरियाणा के 3 तस्कर गिरफ्तार
बसंतपुर थाना पुलिस को शराब माफियाओं के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर थाना अध्यक्ष अमित कुमार ने अपने पुलिस बल के साथ कोंडर क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई करते हुए हरियाणा से लाई जा रही भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब जब्त की।

सीवान/बसंतपुर। बसंतपुर थाना पुलिस को शराब माफियाओं के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर थाना अध्यक्ष अमित कुमार ने अपने पुलिस बल के साथ कोंडर क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई करते हुए हरियाणा से लाई जा रही भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब जब्त की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से तीन चमचमाती चार पहिया गाड़ियों के साथ तीन अंतरराज्यीय शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा निवासी अमित, कमल और आकाश के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा जब्त की गई विदेशी शराब की कुल मात्रा 1313.910 एमएल/लीटर है, जिसकी बाजार कीमत लगभग ₹15 लाख आंकी जा रही है। शराब के अलावा पुलिस ने आरोपियों के पास से 6 मोबाइल फोन, चेक बुक और पर्स भी बरामद किए हैं।
सघन जांच के दौरान तस्करों ने अत्यधिक तेज रफ्तार में गाड़ियां दौड़ाकर भागने का प्रयास किया, जिससे पीछा कर रहे थाना अध्यक्ष अमित कुमार और उनकी टीम की जान जोखिम में पड़ गई थी। हालांकि, पुलिस टीम ने जान की परवाह न करते हुए गाड़ियों को चारों तरफ से घेरकर तीनों तस्करों को दबोच लिया।
क्षेत्र में चर्चा है कि बसंतपुर में 25 और 26 तारीख को आयोजित होने वाले महावीरी मेले को ध्यान में रखते हुए शराब की यह बड़ी खेप खपाने की तैयारी थी। थाना अध्यक्ष की सजगता से शराब कारोबारियों का यह मंसूबा नाकाम हो गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें आगे की कानूनी प्रक्रिया और न्यायिक हिरासत के लिए भेज दिया है।
सीवान से नागेंद्र कुमार की रिपोर्ट










