बिहार में इन दिनों गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है, लेकिन अब राहत की खबर सामने आई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में जल्द ही मौसम करवट लेने वाला है। विभाग ने बिहार के 21 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज बारिश, ठनका गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, दरभंगा, सहरसा, समस्तीपुर, खगड़िया, बेगूसराय, भागलपुर, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, बांका, नवादा और जमुई जिलों में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। इन इलाकों में तेज बारिश के साथ ठनका गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खासकर खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।
किसानों को भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विभाग का कहना है कि बारिश और ठनका गिरने की आशंका को देखते हुए किसान खेतों में खुले स्थानों पर ज्यादा देर तक न रहें और सुरक्षित जगहों पर शरण लें।
मौसम विभाग ने बताया कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके कारण मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ी इलाकों में तेज हवा और बारिश की स्थिति बन सकती है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी और मन्नार की खाड़ी के आसपास बन रहे नए सिस्टम का असर भी मौसम पर पड़ सकता है, जिसका प्रभाव बिहार में भी देखने को मिलेगा।
रविवार को राज्य का अधिकतम तापमान कैमूर में 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 17.5 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि मौसम का यह बदला हुआ मिजाज 11 मार्च की रात तक बना रह सकता है। इसके बाद 12 मार्च से मौसम फिर सामान्य होने की संभावना जताई जा रही है।