पटना सिविल कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासन में हड़कंप मच गया है। धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पूरे कोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि, सुरक्षा जांच के बीच कोर्ट का कामकाज फिलहाल सामान्य रूप से जारी है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर रात करीब 12 बजकर 42 मिनट पर एक ई-मेल के जरिए पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। ई-मेल में दावा किया गया है कि कोर्ट परिसर और जज के चैंबर में सायनाइड गैस से भरे 14 बम लगाए गए हैं, जो सोमवार दोपहर 1 बजे से पहले कभी भी विस्फोट कर सकते हैं। मेल में यह भी लिखा गया है कि लोगों को तुरंत परिसर खाली कर देना चाहिए।
धमकी मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत हरकत में आ गई। पूरे कोर्ट परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की मदद से गहन जांच शुरू कर दी गई। कोर्ट परिसर में आने-जाने वाले सभी लोगों की सख्ती से जांच की जा रही है। एहतियात के तौर पर कोर्ट के अंदर मास्क पहनकर प्रवेश करने पर भी रोक लगा दी गई है, ताकि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की पहचान आसानी से की जा सके।
बताया जा रहा है कि धमकी भरे ई-मेल की शुरुआत “Justice For Nanguneri” नाम से की गई है, जिसमें कोर्ट की कार्यप्रणाली पर सवाल भी उठाए गए हैं। पुलिस अब इस ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है और साइबर टीम भी मामले की जांच कर रही है।
इधर पटना के अलावा बेगूसराय कोर्ट को भी इसी तरह का धमकी भरा ई-मेल मिला है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां और सतर्क हो गई हैं। पटना के एसपी मनीष खुद कोर्ट परिसर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
गौरतलब है कि एक महीने के भीतर यह तीसरी बार है जब ई-मेल के जरिए कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। ऐसे में पुलिस और खुफिया एजेंसियां अब इस पूरे मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही हैं।