RJD से इस्तीफा देने वाले मृत्युंजय तिवारी का JDU में स्वागत, मंत्री श्रवण कुमार बोले-हम लोग उन्हें न्याय जरूर दिलाएंगे
बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार रविवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के गुरुशरणपुर गांव पहुंचे, जहां उन्होंने नवनिर्मित मॉडल स्कूल का उद्घाटन किया। इस दौरान मंत्री ने कहा कि जिस विद्यालय में उन्होंने खुद पढ़ाई की थी, आज वही विद्यालय मॉडल स्कूल के रूप में विकसित हो गया है।
उन्होंने कहा कि मॉडल स्कूल में जल्द ही पढ़ाई शुरू होगी, जो उनके लिए बेहद खुशी और गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से हर प्रखंड में एक-एक विद्यालय का चयन मॉडल स्कूल के लिए किया गया है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
वहीं, बांकीपुर उपचुनाव को लेकर मंत्री श्रवण कुमार ने जन सुराज के नेता प्रशांत किशोर पर तंज कसते हुए कहा कि इस उपचुनाव के बाद बिहार की राजनीति में कई दलों की स्थिति साफ हो जाएगी। उन्होंने दावा किया कि उपचुनाव में सभी राजनीतिक दलों की परीक्षा होने वाली है और सिर्फ एनडीए समर्थित भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा की जीत होगी, जबकि अन्य उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो जाएगी।
आरजेडी से इस्तीफा देने वाले मृत्युंजय तिवारी को लेकर भी मंत्री ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी में आने वाले हर व्यक्ति का स्वागत है, लेकिन मृत्युंजय तिवारी ने आरजेडी छोड़ने में काफी देर कर दी। मंत्री ने कहा कि "मृत्युंजय तिवारी काफी लंबे समय तक आरजेडी को झेलते रहे और अब जब सिर से पानी ऊपर बह चुका है, तब उन्होंने पार्टी छोड़कर न्याय की उम्मीद की है। बिहार में हम लोग उन्हें न्याय जरूर दिलाएंगे।
नालंदा से मिथुन कुमार की रिपोर्ट
Trending News