पावापुरी महोत्सव में राज्यपाल हुए शामिल, मंत्री-सांसद समेत कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
नालंदा: जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर की निर्वाणस्थली पावापुरी में आयोजित पावापुरी महोत्सव में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन शामिल हुए।

नालंदा: जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर की निर्वाणस्थली पावापुरी में आयोजित पावापुरी महोत्सव में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पावापुरी जैन मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान महावीर का आशीर्वाद लिया। मौके पर मंत्री श्रवण कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार, एमएलसी और राजगीर विधायक समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
महोत्सव को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने भगवान महावीर के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि पावापुरी जैन मंदिर में उनका यह पहला आगमन है। आयोजकों को आश्वासन दिया कि अगले वर्ष भी महोत्सव में शामिल होने आएंगे। उन्होंने बताया कि वे स्वयं जैन धर्म के बारे में अध्ययन और रिसर्च कर रहे हैं।
राज्यपाल ने कहा कि भगवान महावीर ने करीब 2500 वर्ष पहले ही आधुनिक समाज की समस्याओं और पर्यावरण संरक्षण जैसे गंभीर विषयों को समझ लिया था। आज पूरी दुनिया भौतिकतावादी होती जा रही है। ऐसे समय में भगवान महावीर के विचारों को पढ़ने, समझने और आत्मसात करने की जरूरत है। अहिंसा, संयम और शांति का उनका संदेश आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक है।
नालंदा से मिथुन कुमार की रिपोर्ट











